Wednesday, May 13, 2026
HomeLatest NewsIPL 2026 Playoff Race : आईपीएल प्लेऑफ रेस हुई रोमांचक, सीएसके और...

IPL 2026 Playoff Race : आईपीएल प्लेऑफ रेस हुई रोमांचक, सीएसके और केकेआर की वापसी से बदले समीकरण

इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के प्लेऑफ की रेस बेहद रोमांचक हो गई है। चेन्नई सुपर किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स की फॉर्म में वापसी के बाद अब आठ टीमें अंतिम चार स्थानों के लिए मुकाबले में हैं। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू और गुजरात टाइटंस का प्लेऑफ में पहुंचना लगभग तय माना जा रहा है, जबकि पंजाब किंग्स लगातार हार से दबाव में आ गई है।

IPL 2026 Playoff Race : नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का सीजन अब अपने सबसे रोमांचक दौर में पहुंच चुका है। लीग चरण खत्म होने में महज दस दिन बाकी हैं, लेकिन प्लेऑफ की तस्वीर अभी तक पूरी तरह साफ नहीं हो सकी है। दिलचस्प बात यह है कि अब भी आठ टीमें अंतिम चार स्थानों के लिए जोरदार मुकाबले में बनी हुई हैं। सीजन के अहम मोड़ पर चेन्नई सुपर किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स ने शानदार वापसी कर प्लेऑफ की रेस को और रोमांचक बना दिया है। दोनों टीमों ने सही समय पर लय हासिल की है, जिससे बाकी टीमों पर दबाव बढ़ गया है।

वहीं गत चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू और मजबूत प्रदर्शन कर रही गुजरात टाइटंस का प्लेऑफ में पहुंचना लगभग तय माना जा रहा है। दूसरी ओर, धीमी शुरुआत के बाद सनराइजर्स हैदराबाद ने भी जबरदस्त वापसी करते हुए खुद को मजबूती से दौड़ में बनाए रखा है। हालांकि सबसे ज्यादा चौंकाने वाला प्रदर्शन पंजाब किंग्स का रहा है। सीजन की शानदार शुरुआत करने वाली यह टीम अब लगातार चार हार झेल चुकी है, जिससे उसके प्लेऑफ में पहुंचने की राह मुश्किल होती जा रही है। वहीं मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जाइंट्स की प्लेऑफ उम्मीदें पूरी तरह खत्म हो चुकी हैं। ऐसे में अब बाकी आठ टीमों के बीच हर मुकाबला ‘करो या मरो’ की तरह बन गया है। आईपीएल 2026 के आखिरी दिनों में अंकतालिका का यह रोमांच दर्शकों के लिए जबरदस्त क्रिकेट ड्रामा लेकर आया है, जहां हर जीत और हार प्लेऑफ की तस्वीर बदल सकती है।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू :

रजत पाटीदार की कप्तानी वाली टीम ने उस निरंतरता को बरकरार रखा है जिसके दम पर उसने पिछले साल पहली बार आईपीएल खिताब जीता था। अब बुधवार को उसका सामना केकेआर से है जिसे जीतने पर उसकी प्लेआफ में जगह लगभग पक्की हो जायेगी। अब तक 11 मैचों में 14 अंक ले चुकी आरसीबी का नेट रनरेट सबसे बेहतर है । केकेआर के बाद उसे पंजाब किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद से खेलना है।

पंजाब किंग्स :

खराब गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण से पंजाब को लगातार चार हार का सामना करना पड़ा है लेकिन आईपीएल के पहले चरण में शानदार प्रदर्शन के कारण टीम अभी भी अंतिम चार में है। उसका नेट रनरेट भी ठीक है। अब उसे मुंबई इंडियंस, आरसीबी और सनराइजर्स के खिलाफ बाकी तीन में से दो मैच जीतने होंगे। उसके 11 मैचों में 13 अंक है और धर्मशाला में मुंबई के खिलाफ मैच हर हालत में जीतना होगा।

गुजरात टाइटंस :

चार साल पहले पदार्पण के बाद से गुजरात सिर्फ एक बार प्लेआफ में नहीं पहुंची है। गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन और शीर्ष तीन बल्लेबाजों के फॉर्म के दम पर शुभमन गिल की अगुवाई वाली टीम शीर्ष दो में जगह बनाने की दावेदार है। गुजरात के 12 मैचों में 16 अंक है और आखिरी दो मैच केकेआर तथा चेन्नई सुपर किंग्स से खेलने हैं।

सनराइजर्स हैदराबाद :

पिछले आठ मैचों में छह जीत के बाद सनराइजर्स सही समय पर फॉर्म में लौटी है। बल्लेबाजों ने अपने काम को बखूबी अंजाम दिया है और गेंदबाज भी पीछे नहीं रहे हैं। सनराइजर्स के 14 अंक है और अगले दो मैचों में उसे चेन्नई और आरसीबी से खेलना है। उसे प्लेआफ में पहुंचने के लिये कम से कम दो अंक और बनाने होंगे।

चेन्नई सुपर किंग्स :

पहले तीन मैच हारने के बाद चेन्नई ने पिछले आठ में से छह मैच जीते हैं। उसे 15 मई को लखनऊ सुपर जाइंट्स के खिलाफ दो अंक लेने होंगे जिसके बाद सनराइजर्स और गुजरात से आखिरी दो मैच खेलने हैं। अगले दस दिन में चेन्नई को तीनों मैच जीतने होंगे क्योंकि इस बार 18 अंक प्लेआफ क्वालीफिकेशन की गारंटी लग रहे हैं।

कोलकाता नाइट राइडर्स :

अजिंक्य रहाणे की कप्तानी वाली टीम पहले हाफ में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सकी लेकिन लगातार छह हार के बाद पिछले चार मैच जीतकर ढर्रे पर लौटी। उसके पास दूसरी टीमों से एक मैच अधिक है और अधिकतम 17 अंक मिल सकते हैं। केकेआर को आखिरी तीनों मैच ईडन गार्डंस पर खेलने हैं।

राजस्थान रॉयल्स :

वैभव सूर्यवंशी और ध्रुव जुरेल के शानदार प्रदर्शन के बावजूद रॉयल्स प्रदर्शन में निरंतरता नहीं ला सके। चार जीत के साथ शुरूआत करने वाली टीम पिछले सात में से पांच मैच हार गई । गेंदबाजी भी उनका सिरदर्द बनी हुई है। 11 मैचों में 12 अंक लेने वाले रॉयल्स को अगले तीन में से कम से कम दो मैच जीतने होंगे और बाकी परिणाम भी अनुकूल रहने की दुआ करनी होगी। उसे बाकी मैचों में दिल्ली कैपिटल्स, लखनऊ सुपर जाइंट्स और मुंबई से खेलना है।

दिल्ली कैपिटल्स :

अक्षर पटेल की कप्तानी में दिल्ली ने अगले सत्र की योजना बनानी शुरू कर दी है । उसके 12 मैचों में 14 ही अंक है और वह प्लेआफ की दौड़ से लगभग बाहर ही है।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular