Friday, May 22, 2026
HomeIndia‘कॉकरोच इज बैक’ के साथ लौटी CJP, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के...

‘कॉकरोच इज बैक’ के साथ लौटी CJP, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर सोशल मीडिया पर छेड़ी मुहिम

“कॉकरोच जनता पार्टी” (CJP) ने भारत में अपना मूल ‘एक्स’ अकाउंट प्रतिबंधित होने के बाद नए हैंडल “कॉकरोच इज बैक” के जरिए धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर अभियान शुरू किया है। यह अभियान NEET-UG 2026 पेपर लीक विवाद और शिक्षा व्यवस्था की कथित विफलताओं पर केंद्रित है। सीजेपी संस्थापक Abhijeet दीपके ने छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ का आरोप लगाते हुए जवाबदेही की मांग की। नए अकाउंट को तेजी से समर्थन मिल रहा है।

CJP Campaign, Cockroach Janta Party : नई दिल्ली। भारत में अपना मूल ‘एक्स’ अकाउंट प्रतिबंधित होने के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म “कॉकरोच जनता पार्टी” (CJP) ने एक बार फिर जोरदार वापसी की है। “कॉकरोच मरता नहीं है” टैगलाइन के साथ लॉन्च किए गए नए हैंडल “कॉकरोच इज बैक” के जरिए संगठन ने अब केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान (Dharmendra Pradhan) के इस्तीफे की मांग को लेकर बड़ा अभियान शुरू कर दिया है। यह अभियान खास तौर पर NEET-UG 2026 पेपर लीक विवाद और शिक्षा व्यवस्था में कथित गड़बड़ियों को केंद्र में रखकर चलाया जा रहा है। सीजेपी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ और इंस्टाग्राम के जरिए छात्रों और युवाओं से इस मुहिम में जुड़ने की अपील की है।

सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके (Abhijeet Deepke) ने अपने वीडियो संदेश में कहा कि अब केवल इंटरनेट पर मजाक करने का समय नहीं, बल्कि शिक्षा व्यवस्था से जवाब मांगने का वक्त है। उन्होंने दावा किया कि सिस्टम की विफलताओं के कारण लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है और कई छात्रों को मानसिक दबाव का सामना करना पड़ा। दीपके ने लोगों से ऑनलाइन याचिका का समर्थन करने की अपील करते हुए कहा कि शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही तय होना बेहद जरूरी है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अकाउंट प्रतिबंधित किए जाने और धमकियां मिलने के बावजूद उनका अभियान जारी रहेगा। गौरतलब है कि NEET-UG 2026 परीक्षा पेपर लीक के आरोपों के बाद रद्द कर दी गई थी। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी द्वारा आयोजित इस परीक्षा की जांच फिलहाल केंद्रीय जांच ब्यूरो कर रही है।

कैसे हो तुम सब कॉकरोच ? : दीपके

दीपके ने एक वीडियो संदेश में कहा, कैसे हो तुम सब कॉकरोच? सब कह रहे हैं कि तुम इंटरनेट पर खूब मजे कर रहे हो, लेकिन मुझे लगता है अब कुछ असली काम करने का समय आ गया है। आज हम शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग करते हुए एक याचिका शुरू कर रहे हैं। जवाबदेही की मांग करते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षा प्रणाली की विफलताओं ने छात्रों को बुरी तरह प्रभावित किया है। उन्होंने कहा, अब समय आ गया है कि व्यवस्था को जवाबदेह बनाया जाए। व्यवस्था की गलती के कारण ही 22 लाख से अधिक छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ, व्यवस्था की गलती के कारण ही नीट के छात्रों ने आत्महत्या की। चाहे कुछ भी हो जाए, धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना ही होगा।

चिकित्सा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए तीन मई को आयोजित राष्ट्रीय पात्रता-सह-प्रवेश परीक्षा (स्नातक) को पेपर लीक के आरोपों के बीच राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा हाल ही में रद्द कर दिया गया था। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) इस मामले की जांच कर रहा है और 21 जून को पुनः परीक्षा आयोजित की जाएगी। दीपके ने प्रधान के खिलाफ अभियान के दौरान धमकियां मिलने का भी दावा किया और सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, मुझे अब जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। इस्तीफे के लिए अभियान उस घटना के एक दिन बाद शुरू हुआ जब ‘एक्स’ द्वारा भारत में मूल सीजेपी हैंडल पर रोक लगा दी गई, जिसके बाद दीपके ने एक नया हैंडल – “कॉकरोच इज बैक” – शुरू किया, जिसकी टैगलाइन है – “कॉकरोच कभी मरता नहीं”।

हमारे अकाउंट को हैक करने की कोशिश की : दीपके

दीपके ने कहा, इस बात की उम्मीद पहले से थी क्योंकि हमारे अकाउंट को हैक करने की कोशिश की जा रही थी। लेकिन सरकार का दांव उलटा पड़ गया है। उनके अनुसार, ‘एक्स’ द्वारा सीजेपी खाते को बंद किए जाने से पहले इसके मूल खाते पर दो लाख से अधिक फॉलोअर्स थे। शुक्रवार दोपहर तक, लॉन्च होने के लगभग 24 घंटे बाद, “कॉकरोच इज बैक” के हैंडल पर 1.65 लाख से अधिक फॉलोअर्स हो चुके थे। इंस्टाग्राम पर, सीजेपी के शुक्रवार दोपहर तक 2.05 करोड़ फॉलोअर्स का आंकड़ा पार कर गया, जिससे सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), जिसके मेटा के स्वामित्व वाले मंच पर लगभग 91 लाख फॉलोअर्स हैं, और साथ ही मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस, जिसके लगभग 1.34 करोड़ फॉलोअर्स हैं, उससे काफी पीछे रह गईं। ‘एक्स’ पर 2.3 करोड़ फॉलोअर्स के साथ अब भी भाजपा का वर्चस्व है जबकि कांग्रेस के आधिकारिक हैंडल के 1.15 करोड़ फॉलोअर हैं।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular