Wednesday, May 27, 2026
HomeIndiaCM बनने के बाद PM मोदी से पहली बार मिले विजय, तमिलनाडु...

CM बनने के बाद PM मोदी से पहली बार मिले विजय, तमिलनाडु के कई बड़े मुद्दों पर हुई अहम बातचीत

सी. जोसेफ विजय ने मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर तमिलनाडु से जुड़े कई अहम मुद्दे उठाए। बैठक में ‘तमिल थाई’ गीत को प्राथमिकता देने, मेकेदातु परियोजना, रक्षा परियोजनाओं और श्रीलंका में बंद तमिलनाडु के मछुआरों की रिहाई पर चर्चा हुई। विजय ने केंद्र से राज्य हितों के लिए सहयोग मांगा। वहीं, मुख्यमंत्री बनने के बाद विजय लगातार अपने फैसलों और सक्रिय अंदाज को लेकर सुर्खियों में बने हुए हैं।

CM Vijay PM Modi Meeting : नई दिल्ली/चेन्नई। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने बुधवार को राष्ट्रीय राजधानी में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की। राज्य में विधानसभा चुनाव के बाद इस महीने की शुरुआत में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री का पदभार संभालने के बाद विजय की प्रधानमंत्री से यह पहली मुलाकात है। प्रधानमंत्री कार्यालय ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की।

विजय ने इन मुद्दों पर की पीएम मोदी से बात

विजय ने पीएम मोदी से मुलाकात के दौरान तमिलनाडु से जुड़े कई अहम मुद्दों को मजबूती से उठाया। इस बैठक में राज्य की सांस्कृतिक पहचान, रक्षा परियोजनाओं और मछुआरों की सुरक्षा जैसे संवेदनशील विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री विजय ने सबसे पहले सरकारी कार्यक्रमों में ‘वंदे मातरम’ की जगह तमिलनाडु के पारंपरिक राज्य गीत ‘तमिल थाई’ को प्राथमिकता देने की अनुमति मांगी। उन्होंने कहा कि यह तमिल संस्कृति और राज्य की पहचान से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। इसके अलावा विजय ने रक्षा क्षेत्र से जुड़ी बड़ी परियोजनाओं का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने बताया कि रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन के तहत एडवांस्ड मीडियम कॉम्बैट एयरक्राफ्ट (AMCA) और सेंटर फॉर एयरबोर्न सिस्टम्स (CABS) पर अध्ययन जारी है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री से CABS केंद्र को तमिलनाडु में स्थापित करने का अनुरोध किया, जिससे राज्य में रोजगार और रक्षा अनुसंधान को बढ़ावा मिल सके।

बैठक में कावेरी जल विवाद से जुड़े मेकेदातु मुद्दे पर भी चर्चा हुई। विजय ने कर्नाटक द्वारा प्रस्तावित मेकेदातु परियोजना पर चिंता जताते हुए कहा कि इसका असर तमिलनाडु के जल अधिकारों पर पड़ सकता है। वहीं, श्रीलंकाई नौसेना द्वारा तमिलनाडु के मछुआरों की गिरफ्तारी और उन पर हमलों का मुद्दा भी मुख्यमंत्री ने प्रमुखता से उठाया। उन्होंने प्रधानमंत्री को बताया कि राज्य के 58 मछुआरे फिलहाल श्रीलंका की जेलों में बंद हैं, जबकि 288 नावें जब्त की जा चुकी हैं। विजय ने केंद्र सरकार से हस्तक्षेप कर जल्द से जल्द मछुआरों की रिहाई सुनिश्चित करने की मांग की।

पीएम मोदी ने विजय को मुख्यमंत्री बनने पर दी थी बधाई

सी. जोसेफ विजय का सिनेमा के सुपरस्टार से राजनीति के बड़े चेहरे के रूप में उभरना देशभर में चर्चा का विषय बना हुआ है। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद से ही विजय लगातार सुर्खियों में हैं। शपथ ग्रहण के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उन्हें बधाई दी थी। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा था कि केंद्र सरकार तमिलनाडु के लोगों के बेहतर भविष्य के लिए राज्य सरकार के साथ मिलकर काम करती रहेगी। दरअसल, विजय ने करीब दो साल पहले अपनी पार्टी TVK के जरिए राजनीति में कदम रखा था। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में शानदार प्रदर्शन के बावजूद उनकी पार्टी को पूर्ण बहुमत नहीं मिला, जिसके बाद गठबंधन सरकार बनने की चर्चाएं तेज हो गई थीं। आखिरकार, दशकों बाद राज्य में गठबंधन सरकार के दौर की वापसी हुई और विजय मुख्यमंत्री बने।

मुख्यमंत्री बनने के बाद से विजय लगातार एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। सोशल मीडिया पर उनके फैसलों और जनता से जुड़े अंदाज की खूब चर्चा हो रही है। हाल ही में उन्होंने तमिल फिल्म इंडस्ट्री के हित में बड़ा फैसला लेते हुए 70 साल बाद सिनेमाघरों को एक दिन में 5 शो चलाने की अनुमति दी। इस फैसले को फिल्म इंडस्ट्री के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image