White House Shooting : वाशिंगटन। वॉशिंगटन की मेयर मुरियल बाउजर (Muriel Bowser) ने शनिवार रात चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि व्हाइट हाउस में आयोजित संवाददाताओं के रात्रिभोज के दौरान हुई गोलीबारी का आरोपी बंदूकों और चाकुओं से लैस था। प्रारंभिक जांच में यह संकेत मिले हैं कि हमलावर ने इस वारदात को अकेले ही अंजाम दिया। मेयर के अनुसार, फिलहाल किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता के सबूत नहीं मिले हैं, जिससे यह घटना एक ‘लोन वुल्फ अटैक’ मानी जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां मामले की गहन जांच में जुटी हैं और हर एंगल से पड़ताल की जा रही है, ताकि घटना के पीछे की मंशा और पूरी साजिश का खुलासा किया जा सके।

‘व्हाइट हाउस’ में शनिवार शाम रात्रिभोज के दौरान हुई गोलीबारी की घटना के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और अमेरिका के अन्य शीर्ष नेताओं को वहां से निकाला गया। अधिकारियों के अनुसार, यह घटना उस बॉलरूम के बाहर हुई जहां ट्रंप और अन्य अतिथि मौजूद थे। हालांकि, घटना के सटीक कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका। कार्यक्रम को रद्द कर दिया गया है और इसे बाद में आयोजित किया जाएगा।
एक संवाददाता सम्मेलन में मेयर ने कहा, अब तक की जांच में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता का कोई सुराग नहीं मिला है। सभी संकेत यही इशारा करते हैं कि हमलावर ने अकेले इस घटना को अंजाम दिया।’’ उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आम जनता को किसी खतरे की आशंका नहीं है। दो कानून प्रवर्तन अधिकारियों ने ‘एसोसिएटेड प्रेस’ (एपी) को बताया कि संदिग्ध की पहचान कैलिफोर्निया के टॉरेंस निवासी 31 वर्षीय कोल टॉमस एलन के रूप में हुई है।
ट्रंप ने व्हाइट हाउस में की प्रेस कॉन्फ्रेंस
वॉशिंगटन के वाशिंगटन हिल्टन में शनिवार रात हुई गोलीबारी के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर स्थिति पर अपना रुख स्पष्ट किया। मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए ट्रंप से पूछा गया कि क्या यह हमला ईरान के साथ जारी तनाव या युद्ध से जुड़ा है। इस पर उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि ऐसी घटनाएं उन्हें उनके लक्ष्य से डिगा नहीं सकतीं। ट्रंप ने दो टूक कहा, “यह गोलीबारी हमें ईरान के खिलाफ अपने मिशन से पीछे नहीं हटाएगी।
कई हथियारों से लैस था हमलावर
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शूटर की प्रोफाइल को लेकर शुरुआती जानकारी साझा की। हमलावर कई हथियारों से लैस था और उसने सुरक्षा चेकपॉइंट को पार कर सीधे बॉलरूम की ओर दौड़ लगा दी थी। जांच एजेंसियों का मानना है कि यह एक ‘अकेला हमलावर’ था, जिसने खुद ही इस पूरी साजिश को अंजाम दिया। ट्रंप ने एक वीडियो का भी जिक्र किया जिसमें संदिग्ध सुरक्षा घेरे को तोड़कर भागता दिख रहा है और सुरक्षाकर्मी उस पर गोलियां चला रहे हैं। राष्ट्रपति ने बताया कि जब पहली बार गोली चली, तो उन्हें लगा कि शायद वेटर के हाथ से खाने की कोई ट्रे गिर गई है। लेकिन जैसे ही ‘शॉट्स फायर्ड’ की चीखें गूंजीं, उन्हें स्थिति की गंभीरता का अहसास हुआ। उन्होंने इस हमलावर को ‘संभावित हत्यारा’ करार दिया।



