Team India Captaincy Controversy : टीम इंडिया ने भले ही टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया हो, लेकिन कप्तान सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) की स्थिति अब पूरी तरह सुरक्षित नहीं मानी जा रही है। हालिया फॉर्म में गिरावट और लगातार बल्लेबाजी संघर्ष ने चयनकर्ताओं के सामने नई चुनौती खड़ी कर दी है। सूत्रों के अनुसार, टी20 वर्ल्ड कप में भी सूर्यकुमार यादव का व्यक्तिगत प्रदर्शन उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहा, जबकि आईपीएल 2026 में भी उनका बल्ला प्रभाव नहीं छोड़ सका। इसी वजह से चयन समिति अब दीर्घकालिक दृष्टिकोण अपनाते हुए भविष्य के लिए नए नेतृत्व विकल्पों पर गंभीरता से विचार कर रही है।

सूर्यकुमार यादव की जगह श्रेयस अय्यर बन सकते हैं टी20 कप्तान ?
टीम इंडिया की अगली टी20 सीरीज, जो आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर खेली जानी है, उससे पहले कप्तानी को लेकर बड़ा फैसला संभव है। इस रेस में श्रेयस अय्यर (Shreyas Iyer) सबसे मजबूत दावेदार के रूप में उभरकर सामने आए हैं। हालांकि अंतिम निर्णय से पहले हेड कोच गौतम गंभीर (Gautam Gambhir) से भी राय ली जाएगी। चयनकर्ताओं की प्राथमिकता केवल आगामी सीरीज नहीं, बल्कि अगले दो टी20 वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए एक स्थायी और लंबे समय तक नेतृत्व देने वाले कप्तान को चुनना है। ऐसे में ऐसे खिलाड़ी की तलाश है जो टीम को स्थिरता और निरंतरता प्रदान कर सके।
श्रेयस अय्यर के पक्ष में सबसे बड़ा तर्क उनका हालिया प्रदर्शन और आईपीएल में कप्तानी का अनुभव है। उन्होंने लीग में खुद को एक सफल लीडर के रूप में स्थापित किया है। साथ ही, बल्लेबाजी में लगातार रन बनाकर उन्होंने चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया है। माना जा रहा है कि टीम मैनेजमेंट उन्हें टी20 सेटअप में नंबर-4 बल्लेबाज के रूप में भी देख रहा है, जिससे सूर्यकुमार यादव की भूमिका पर भी असर पड़ सकता है।

इन खिलाड़ियों पर भी हैं चयनकर्ताओं की नजर
हालांकि कप्तानी की दौड़ सिर्फ अय्यर तक सीमित नहीं है। शुभमन गिल (Shubman Gill), अक्षर पटेल (Axar Patel) , तिलक वर्मा (Tilak Varma) और ईशान किशन (Ishan Kishan) भी चयनकर्ताओं की नजर में हैं। इनमें तिलक वर्मा और ईशान किशन ऐसे खिलाड़ी बताए जा रहे हैं, जो अंतिम समय में बड़ा सरप्राइज साबित हो सकते हैं। यदि अय्यर को कप्तानी मिलती है तो उप-कप्तानी की जिम्मेदारी इन्हीं में से किसी एक को दी जा सकती है।

इसी बीच चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर और हेड कोच गौतम गंभीर के बीच कुछ मुद्दों पर मतभेद की भी चर्चा है, खासकर टीम संयोजन और विशेषज्ञ खिलाड़ियों की भूमिका को लेकर। बताया जा रहा है कि चयन प्रक्रिया में अगरकर की भूमिका निर्णायक होगी। अब आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे से पहले सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या सूर्यकुमार यादव टी20 कप्तान बने रहेंगे या फिर टीम इंडिया श्रेयस अय्यर के नेतृत्व में एक नए युग की शुरुआत करेगी।



