Stock Market Latest Update : मुंबई। वैश्विक अनिश्चितताओं और विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली के बीच गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार दबाव में नजर आया। दिनभर उतार-चढ़ाव भरे कारोबार के बाद बीएसई सेंसेक्स मामूली गिरावट के साथ बंद हुआ, जबकि निफ्टी लगभग सपाट स्तर पर टिके रहने में सफल रहा। निवेशकों के सतर्क रुख का असर बाजार पर साफ दिखाई दिया। बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स कारोबार के दौरान कई बार ऊपर-नीचे हुआ और अंत में 114 अंक यानी 0.15 प्रतिशत की गिरावट के साथ 77,844.52 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सेंसेक्स ने 78,384.70 अंक का उच्च स्तर छुआ, जबकि एक समय यह गिरकर 77,713.21 अंक तक पहुंच गया। पूरे दिन बाजार में करीब 671 अंकों का भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिला, जिसने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी।
इन कंपनियों के शेयरों में आई गिरावट और बढ़ोतरी
वहीं 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 4.30 अंक यानी 0.02 प्रतिशत के मामूली नुकसान के साथ 24,326.65 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स के शेयरों में हिंदुस्तान यूनिलीवर, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, टेक महिंद्रा, टाइटन, सन फार्मा और आईटीसी में गिरावट आई। दूसरी ओर, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एनटीपीसी, कोटक महिंद्रा बैंक और टाटा स्टील के शेयर लाभ में रहे। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 2.23 प्रतिशत के नुकसान के साथ 99 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।
ऑनलाइन ट्रेडिंग कंपनी एनरिच मनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पोनमुडी आर ने कहा, भारतीय शेयर बाजार लगभग स्थिर रहे क्योंकि निवेशक अमेरिकी शांति प्रस्ताव पर ईरान की प्रतिक्रिया का इंतजार कर रहे हैं। निफ्टी लगभग स्थिर रुख के साथ बंद हुआ। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 5,834.90 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। अन्य एशियाई बाजारों में, दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग बढ़त में रहे। दोपहर के कारोबार में यूरोपीय बाजारों में गिरावट थी। अमेरिकी बाजार बुधवार को लाभ के साथ बंद हुए थे।
लेमन मार्केट्स डेस्क के शोध विश्लेषक गौरव गर्ग ने कहा, भारतीय शेयर बाजार आज थोड़े सतर्कता भरे माहौल में बंद हुए। विदेशी निवेशकों की निरंतर निकासी और कमजोर वैश्विक संकेतों का बाजार पर दबाव रहा। भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं ने भी निवेशकों के भरोसे को प्रभावित किया है जिससे जोखिम लेने की धारणा पर असर पड़ा है। सेंसेक्स बुधवार को 940.73 अंक यानी 1.22 प्रतिशत बढ़कर 77,958.52 अंक पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 298.15 अंक यानी 1.24 प्रतिशत बढ़कर 24,330.95 अंक पर रहा था।



