Stock Market Today: घरेलू शेयर बाजारों में मंगलवार को शुरुआती कारोबार के दौरान गिरावट देखने को मिली. पश्चिम एशिया में जारी तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी ने निवेशकों की धारणा को प्रभावित किया, जिसके चलते सेंसेक्स और निफ्टी दोनों लाल निशान में कारोबार करते नजर आए. विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली ने भी बाजार पर दबाव बढ़ाया.
BSE का 30 शेयरों वाला Sensex शुरुआती कारोबार में 525.44 अंक टूटकर 75,489.84 के स्तर पर पहुंच गया. वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज NSE का Nifty 164.5 अंक फिसलकर 23,651.35 पर कारोबार करने लगा.
इन शेयर में फायदा और नुकसान ?
बाजार में सबसे ज्यादा दबाव आईटी और वित्तीय शेयरों में देखने को मिला. सेंसेक्स में शामिल प्रमुख कंपनियों में टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS), इन्फोसिस, टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक, अडानी पोर्ट्स और बजाज फिनसर्व के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई. दूसरी ओर भारती एयरटेल और एनटीपीसी के शेयर बढ़त के साथ कारोबार करते दिखे.
गिरावट की क्या है वजह ?
विशेषज्ञों के मुताबिक, पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण वैश्विक स्तर पर अनिश्चितता बनी हुई है. इसका सीधा असर कच्चे तेल की कीमतों पर पड़ा है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड का भाव 0.93 प्रतिशत बढ़कर 105.2 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया. भारत जैसे तेल आयात पर निर्भर देश के लिए कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी चिंता का विषय मानी जाती है, क्योंकि इससे महंगाई और कंपनियों की लागत दोनों बढ़ सकती हैं.
एशियाई और यूरोपीय बाजारों का हाल
एशियाई बाजारों की बात करें तो दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और चीन का एसएसई कंपोजिट गिरावट में रहे, जबकि जापान का निक्की 225 और हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त के साथ कारोबार करते दिखे. अमेरिकी शेयर बाजार सोमवार को सकारात्मक रुख के साथ बंद हुए थे, लेकिन उसका असर भारतीय बाजारों पर नहीं दिखा.
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशक (FII) सोमवार को बिकवाल रहे और उन्होंने 8,437 करोड़ रुपये के शेयर बेचे. लगातार विदेशी पूंजी निकासी भी बाजार की कमजोरी की बड़ी वजह मानी जा रही है. इससे पहले सोमवार को भी सेंसेक्स 1.70 प्रतिशत और निफ्टी 1.49 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ था।
ये भी पढ़ें: BCCI ने अक्षर पटेल पर लगाया 12 लाख का जुर्माना, पंजाब किंग्स के खिलाफ इस गलती की मिली सजा



