Axar Patel Fined: पंजाब किंग्स के खिलाफ मिली शानदार जीत के बावजूद दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल मुश्किल में फंस गए हैं. मैच के दौरान धीमी ओवर रेट बनाए रखने के लिए उन पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है. धर्मशाला में खेले गए इस मैच में दिल्ली ने 211 रन के लक्ष्य का पीछा कर IPL में अपना दूसरा सबसे बड़ा रन चेज किया. इसी के साथ ही दिल्ली कैपिटल्स ने इस मैच में पंजाब किंग्स को 3 विकेट से हराकर प्लेऑफ में पहुंचने की अपनी धुंधली उम्मीदों को बरकरार रखा.
12 लाख का लगाया जुर्माना
आईपीएल की ओर से जारी आधिकारिक मीडिया एडवाइजरी में कहा गया कि दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल पर हिमाचल प्रदेश क्रिकेट संघ स्टेडियम, धर्मशाला में पंजाब किंग्स के खिलाफ इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के मैच के दौरान धीमी ओवर गति बनाए रखने के लिए जुर्माना लगाया गया है.’
इसमें आगे कहा गया कि ‘धीमी ओवर रेट से संबंधित IPL की आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 के तहत यह उनकी टीम का इस सत्र का पहला अपराध था इसलिए अक्षर पटेल पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया.’
दिल्ली की प्लेऑफ की उम्मीद बरकरार
गौरतलब है कि दिल्ली की टीम अंक तालिका में अभी सातवें स्थान पर है. पंजाब के खिलाफ जीत दर्ज कर उसने अपनी प्लेऑफ की उम्मीद को बरकरार रखा है. उसका अगला मैच रविवार को नई दिल्ली में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ होगा.
ये भी पढ़ें: पाकिस्तान ने ट्रंप को दिया धोखा! एक तरफ मध्यस्थता का ड्रामा, दूसरी तरफ नूर एयरबेस में छिपाए ईरानी सैन्य विमान



