श्रीगंगानगर। राजस्थान के सीमावर्ती जिले श्रीगंगानगर में अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे ट्रैक पर संदिग्ध विस्फोट की घटना सामने आने से हड़कंप मच गया। रेलवे ट्रैक पर हुए जोरदार धमाके के बाद पुलिस, रेलवे प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। घटनास्थल पर करीब दो फीट गहरा गड्ढा मिला है। मामले की गंभीरता को देखते हुए रेलवे ने सुरक्षा के मद्देनजर इस रेलखंड पर चलने वाली चार ट्रेनों को रद्द कर दिया है।
ट्रेन गुजरने के करीब 45 मिनट बाद हुआ धमाका
जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब 8:30 बजे अनूपगढ़ से सूरतगढ़ की ओर जाने वाली यात्री ट्रेन गांव 50 जीबी के पास से गुजरी थी। इसके करीब 45 मिनट बाद रात 9:45 बजे रेलवे ट्रैक पर जोरदार धमाका हुआ। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि करीब 200 मीटर दूर ढाणी में रहने वाले ग्रामीण भी सहम गए और घरों से बाहर निकल आए। प्रत्यक्षदर्शी जसपाल सिंह के अनुसार, शुरुआत में ग्रामीणों को किसी सड़क हादसे की आशंका हुई, लेकिन आवाज की दिशा में पहुंचने पर रेलवे ट्रैक के पास विस्फोट होने की जानकारी मिली। इसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत रेलवे गेटमैन को सूचना दी।
रेलवे ट्रैक पर मिला करीब दो फीट गहरा गड्ढा
ग्रामीण सवर्ण सिंह ने बताया कि धमाके की आवाज काफी तेज थी। पहले उन्हें लगा कि कोई टायर या सिलेंडर फटा है, लेकिन मौके पर पहुंचने पर रेलवे ट्रैक के पास गड्ढा दिखाई दिया। इसके बाद रेलवे अधिकारियों को घटना की सूचना दी गई। सूचना मिलने पर रात करीब 11 बजे पुलिस और रेलवे अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने एहतियात के तौर पर घटनास्थल को सुरक्षा घेरे में लेकर आमजन की आवाजाही रोक दी। आसपास के ग्रामीणों से भी घटना के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
ट्रेन उड़ाने की साजिश की आशंका, जांच में जुटीं एजेंसियां
रेलवे ट्रैक पर हुए विस्फोट के पीछे की वास्तविक वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हुई है। घटना को लेकर ट्रेन को नुकसान पहुंचाने की साजिश की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, जांच पूरी होने और FSL रिपोर्ट आने के बाद ही विस्फोट के कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस और जांच एजेंसियां प्रत्यक्षदर्शियों, ग्रामीणों और रेलवे गेटमैन से पूछताछ कर रही हैं। सीमावर्ती क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर हुई इस घटना ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है।
सुरक्षा के चलते सूरतगढ़-अनूपगढ़ रेलखंड की 4 ट्रेनें रद्द
रेलवे ट्रैक पर विस्फोट की घटना और सुरक्षा जांच को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे ने बुधवार, 4 नवंबर को सूरतगढ़-अनूपगढ़ रेलखंड पर संचालित होने वाली चार रेलसेवाएं रद्द कर दी हैं।
रद्द की गई रेलगाड़ियों की सूची:
- 59711: सूरतगढ़-अनूपगढ़
- 59712: अनूपगढ़-सूरतगढ़
- 59715: सूरतगढ़-अनूपगढ़
- 59716: अनूपगढ़-सूरतगढ़
इन रेलसेवाओं के रद्द होने से सूरतगढ़, अनूपगढ़ और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। यात्रियों को वैकल्पिक परिवहन साधनों का सहारा लेना होगा। रेलवे की ओर से सुरक्षा और तकनीकी जांच पूरी होने के बाद ही इस रेलखंड पर रेल यातायात बहाल करने का निर्णय लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच में जुटी हैं।



