जयपुर। अक्षय ऊर्जा के क्षेत्र में राजस्थान ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। नवीकरणीय ऊर्जा राज्य मूल्यांकन तंत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए राजस्थान को राष्ट्रीय सम्मान मिलने जा रहा है। भारत अक्षय ऊर्जा समिट के समापन सत्र में उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन राजस्थान को सम्मानित करेंगे। इस अवसर पर राजस्थान के ऊर्जा राज्यमंत्री हीरालाल नागर और राजस्थान रिन्यूएबल एनर्जी कॉरपोरेशन लिमिटेड (RRECL) के CMD रोहित गुप्ता यह सम्मान ग्रहण करेंगे। प्रदेश के लिए इसे अक्षय ऊर्जा के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
किन मानकों पर हुआ राजस्थान का मूल्यांकन?
नवीकरणीय ऊर्जा राज्य मूल्यांकन तंत्र के तहत विभिन्न राज्यों के प्रदर्शन का आकलन कई महत्वपूर्ण मानकों पर किया गया है। इनमें नवीकरणीय ऊर्जा का विकास, नीतिगत और नियामकीय व्यवस्था, ग्रिड की तैयारी, बिजली वितरण कंपनियों (DISCOMs) का प्रदर्शन और निवेश के अनुकूल वातावरण जैसे प्रमुख बिंदु शामिल हैं। इस मूल्यांकन का मुख्य उद्देश्य राज्यों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना और नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में बेहतर कार्यप्रणालियों को प्रोत्साहित करना है।
CM भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में अक्षय ऊर्जा को बढ़ावा
इस उपलब्धि को लेकर ऊर्जा राज्यमंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार अक्षय ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही है। राजस्थान को मिलने वाला यह सम्मान सरकार के सतत प्रयासों और प्रभावी पहलों का परिणाम है।
51.6 गीगावाट अक्षय ऊर्जा क्षमता के साथ राजस्थान की बड़ी उपलब्धि
राजस्थान ने अक्षय ऊर्जा उत्पादन के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। प्रदेश में अब तक 51.6 गीगावाट अक्षय ऊर्जा क्षमता स्थापित हो चुकी है। वहीं, राज्य की सौर ऊर्जा क्षमता 45 गीगावाट तक पहुंच गई है। राजस्थान सौर ऊर्जा क्षमता और पीएम-कुसुम योजना के क्षेत्र में देश में प्रथम स्थान पर है। प्रदेश की यह उपलब्धि न केवल ऊर्जा क्षेत्र में राजस्थान की मजबूत स्थिति को दर्शाती है, बल्कि देश के स्वच्छ ऊर्जा लक्ष्यों को हासिल करने में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही है। अक्षय ऊर्जा के क्षेत्र में लगातार बढ़ते निवेश और नई परियोजनाओं के साथ राजस्थान देश के प्रमुख नवीकरणीय ऊर्जा केंद्रों में अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। राष्ट्रीय सम्मान मिलने से प्रदेश के ऊर्जा क्षेत्र को नई पहचान मिलने की उम्मीद है।



