अजमेर। राजस्थान के अजमेर रेलवे स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद रेलवे प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। फोन पर मिली धमकी के बाद जीआरपी थाना पुलिस और प्रशासन अलर्ट हो गए। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए धमकी देने के आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है। जानकारी के अनुसार, जीआरपी थाना पुलिस को फोन पर अजमेर रेलवे स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बरती और आवश्यक कदम उठाए।
नशे की हालत में था आरोपी युवक
मामले में जीआरपी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए धमकी देने वाले युवक को हिरासत में लिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक नशे की हालत में था। फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उसने रेलवे स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी किस वजह से दी थी।
धमकी के बाद सुरक्षा व्यवस्था अलर्ट
अजमेर रेलवे स्टेशन को मिली धमकी के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। पुलिस आरोपी से पूछताछ और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी है।



