Stock Market Today: मुंबई। पिछले कारोबारी सत्र की भारी गिरावट के बाद बुधवार को घरेलू शेयर बाजार में जोरदार रिकवरी देखने को मिली। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी मजबूत बढ़त के साथ खुले। बैंकिंग शेयरों में खरीदारी और अमेरिका में अपेक्षा से कम मुद्रास्फीति के आंकड़ों ने निवेशकों का भरोसा बढ़ाया। इससे फेडरल रिजर्व के नरम मौद्रिक रुख की उम्मीद मजबूत हुई, जिसका सकारात्मक असर भारतीय शेयर बाजार पर भी दिखाई दिया।
इन कंपनियों के शेयरों में आई तूफानी तेजी
इन दोनों कारकों से बाजार को समर्थन मिला। बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 553 अंक चढ़कर 77,603.57 अंक पर जबकि एनएसई निफ्टी 148.15 अंक की बढ़त के साथ 24,198.40 अंक पर रहा। सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से बजाज फाइनेंस, एक्सिस बैंक, इटर्नल, इंटरग्लोब एविएशन, अल्ट्राटेक सीमेंट और भारतीय स्टेट बैंक के शेयर बढ़त में रहे।

वहीं, इन्फोसिस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, पावर ग्रिड और टेक महिंद्रा के शेयर नुकसान में रहे। एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी 7.66 प्रतिशत की तेजी के साथ कारोबार कर रहा है। जापान का निक्की 225 और हांगकांग का हैंग सेंग भी बढ़त में रहे जबकि चीन का एसएसई कम्पोजिट गिरावट में है। अमेरिकी शेयर बाजार मंगलवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे।
अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव एक प्रतिशत की बढ़त के साथ 85.63 डॉलर प्रति बैरल पर रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) मंगलवार को शुद्ध बिकवाल रहे थे और उन्होंने 739.69 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। बीएसई सेंसेक्स मंगलवार को 561.46 अंक और एनएसई निफ्टी 158.95 अंक की गिरावट के साथ बंद हुआ था।



