Saturday, May 16, 2026
HomeUser Interest CategoryBusinessShare Market Today : शेयर बाजार में मचा हाहाकार, निफ्टी 75 और...

Share Market Today : शेयर बाजार में मचा हाहाकार, निफ्टी 75 और सेंसेक्स 314 अंक टूटा, इन शेयरों में आई जबरदस्त गिरावट

शेयर बाजार में मंगलवार को लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में गिरावट जारी रही। विदेशी संस्थागत निवेशकों की पूंजी निकासी के बीच आईटी और वाहन शेयरों में बिकवाली से बीएसई सेंसेक्स 314 अंक के नुकसान में रहा जबकि एनएसई निफ्टी में 75 अंक की गिरावट आई।

Share Market Today : मुंबई। स्थानीय शेयर बाजार में मंगलवार को लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में गिरावट जारी रही। विदेशी संस्थागत निवेशकों की पूंजी निकासी के बीच आईटी और वाहन शेयरों में बिकवाली से बीएसई सेंसेक्स 314 अंक के नुकसान में रहा जबकि एनएसई निफ्टी में 75 अंक की गिरावट आई। उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में, 30 शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 313.70 अंक यानी 0.37 प्रतिशत टूटकर 84,587.01 पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान, यह 363.98 अंक तक नीचे आ गया था। सेंसेक्स के 30 शेयरों में 24 नुकसान में जबकि छह लाभ में रहे। इसी तरह, पचास शेयरों पर आधारित एनएसई निफ्टी 74.70 अंक यानी 0.29 प्रतिशत की गिरावट के साथ 25,884.80 अंक पर आ गया।

इन शेयरों में भयकर गिरावट

शुक्रवार से अब तक तीन सत्रों में निफ्टी 307 अंक यानी एक प्रतिशत से अधिक की गिरावट के साथ 26,000 अंक के नीचे आ गया है। जबकि इस दौरान सेंसेक्स 1,045 अंक यानी 1.2 प्रतिशत लुढ़का है। सेंसेक्स के शेयरों में टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स, ट्रेंट, इन्फोसिस, पावर ग्रिड, एचडीएफसी बैंक, एचसीएल टेक, कोटक महिंद्रा बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और बजाज फाइनेंस सबसे अधिक नुकसान में रहे। दूसरी तरफ, लाभ में रहने वाले शेयरों में भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, भारतीय स्टेट बैंक, टाटा स्टील, इटर्नल, भारती एयरटेल और रिलायंस इंडस्ट्रीज शामिल हैं।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 4,171.75 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। वहीं, घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने पिछले कारोबार में 4,512.87 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लि. के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘वायदा एवं विकल्प खंड में सौदों के मासिक अनुबंधों की समाप्ति के दिन घरेलू बाजार में भारी उतार-चढ़ाव रहा। इसकी वजह रुपये में गिरावट और एफआईआई की निरंतर निकासी है। कुछ बेहतर संकेतों के बावजूद, निवेशकों ने सतर्क रुख अपनाया। निवेशकों को आगामी एफओएमसी (फेडरल ओपन मार्केट कमेटी) बैठक में संभावित ब्याज दरों में कटौती और भारत-अमेरिका व्यापार समझौते की प्रगति पर स्पष्टता का इंतजार है।’’

छोटी कंपनियों से जुड़ा बीएसई स्मॉलकैप सूचकांक 0.20 प्रतिशत लाभ में जबकि मझोली कंपनियों से संबंधित मिडकैप 0.19 प्रतिशत बढ़त में रहा। क्षेत्रवार सूचकांकों में आईटी 0.75 प्रतिशत, बीएसई केंद्रित आईटी (0.64 प्रतिशत), टिकाऊ उपभोक्ता सामान (0.53 प्रतिशत), टेक (0.39 प्रतिशत), ऊर्जा (0.32 प्रतिशत), वाहन (0.25 प्रतिशत) और जन केंद्रित सेवाओं से जुड़ी इकाइयों में 0.25 प्रतिशत की गिरावट रही। रियल्टी, जिंस, स्वास्थ्य, दूरसंचार, पूंजीगत वस्तुएं और धातु में बढ़त दर्ज की गई।

एशिया के अन्य बाजारों में, दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग सकारात्मक दायरे में बंद हुए। यूरोप के बाजारों में मिला-जुला रुख रहा। सोमवार को अमेरिकी बाजार अच्छी बढ़त के साथ बंद हुए थे। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.69 प्रतिशत टूटकर 62.93 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। सेंसेक्स में सोमवार को 331.21 अंक की गिरावट आई थी जबकि निफ्टी 108.65 अंक टूटा था।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular