Thursday, May 28, 2026
HomeUser Interest CategoryBusinessशेयर बाजार में उतार-चढ़ाव के बीच गिरावट, सेंसेक्स 123 अंक टूटा, निफ्टी...

शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव के बीच गिरावट, सेंसेक्स 123 अंक टूटा, निफ्टी 24,200 के नीचे बंद, इस वजह से आई गिरावट

Share Market Update Today : मुंबई। उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में स्थानीय शेयर बाजारों में बृहस्पतिवार को गिरावट आई और बीएसई सेंसेक्स 123 अंक टूट गया, जबकि एनएसई निफ्टी 24,200 अंक के नीचे बंद हुआ। हाल की तेजी के बाद बैंक और वित्तीय शेयरों में मुनाफावसूली से बाजार नुकसान में रहा।तीस शेयरों पर आधारित सेंसेक्स शुरुआती बढ़त को गंवाते हुए 122.56 अंक यानी 0.16 प्रतिशत की गिरावट के साथ 77,988.68 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स बढ़त के साथ खुला और 78,730.32 अंक तक पहुंच गया। हालांकि, बाद में ऊंचे स्तर पर मुनाफावसूली से यह गिरावट के साथ 77,674.93 अंक के निचले स्तर पर पहुंच गया। कारोबार के दौरान सेंसेक्स में 1,055.39 अंक का उतार-चढ़ाव आया।

इस शेयरों में आई गिरावट

एनएसई निफ्टी भी 34.55 अंक यानी 0.14 प्रतिशत टूटकर 24,196.75 अंक पर बंद हुआ। सूचकांक ऊंचे में 24,400.95 तक गया और नीचे में 24,102.80 अंक तक आया। पश्चिम एशिया में तनाव कम होने के संकेत के बीच दोनों मानक सूचकांकों में बुधवार को एक प्रतिशत से अधिक की तेजी आई थी। सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में एचडीएफसी बैंक में सबसे ज्यादा 1.75 प्रतिशत की गिरावट आई। इसके अलावा टाइटन, महिंद्रा एंड महिंद्रा, भारती एयरटेल, कोटक महिंद्रा बैंक और बजाज फाइनेंस में प्रमुख रूप से गिरावट दर्ज की गई। दूसरी तरफ, लाभ में रहने वाले शेयरों में ट्रेंट, इटर्नल, अदाणी पोर्ट्स, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स और इन्फोसिस शामिल हैं।

जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लि. के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, घरेलू बाजार की शुरुआत सकारात्मक रही। हालांकि, उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में सौदों की साप्ताहिक समाप्ति के दिन बाजार गिरावट के साथ बंद हुआ। निवेशकों ने हाल की बढ़त के बाद मुनाफावसूली की। बाजार को अमेरिका-ईरान वार्ता के दूसरे दौर पर स्पष्टता का इंतजार है, जो निकट भविष्य के बाजार के रुख को दिशा देगा।’’ मझोली कंपनियों का बीएसई मिडकैप सेलेक्ट सूचकांक 0.86 प्रतिशत चढ़ा जबकि छोटी कंपनियों से जुड़ा स्मॉलकैप सेलेक्ट 0.60 प्रतिशत के लाभ में रहा।

लाइवलॉन्ग वेल्थ के शोध विश्लेषक और संस्थापक हरिप्रसाद के ने कहा, ‘‘भारतीय बाजार में आज उतार-चढ़ाव देखने को मिला। यह हाल की तेजी के बाद सुधार की ओर बदलाव को दर्शाता है। बेहतर वैश्विक संकेतों और भू-राजनीतिक चिंताओं में कमी के कारण सूचकांक सकारात्मक शुरुआत के साथ खुला, लेकिन बाद में मुनाफावसूली के कारण उच्च स्तर को बनाए रखने में विफल रहा।’’ उन्होंने कहा कि वृहद परिप्रेक्ष्य से, पश्चिम एशिया में हो रहे घटनाक्रमों के प्रति बाजार धारणा संवेदनशील बनी हुई है। क्षेत्रवार रुझान मिलाजुला रहा। धातु, आईटी और ऊर्जा शेयरों ने सूचकांक को सहारा दिया, जबकि बैंक और वाहन शेयरों पर कुछ दबाव देखने को मिला।

बढ़त के साथ बंद हुए एशियाई बाजार

एशिया के अन्य बाजारों में, दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग सूचकांक बढ़त के साथ बंद हुए। यूरोप के बाजार दोपहर के कारोबार में सकारात्मक दायरे में थे। अमेरिकी बाजार बुधवार को ज्यादातर बढ़त के साथ बंद हुए थे। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.51 प्रतिशत बढ़कर 96.36 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 666.15 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। सेंसेक्स बुधवार को 1,263.67 अंक बढ़कर 78,111.24 अंक पर बंद हुआ था। निफ्टी 388.65 अंक बढ़कर 24,231.30 अंक पर रहा था।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image