Friday, November 6, 2026
HomeUser Interest CategoryBusinessधनतेरस पर जयपुर में वाहन बाजार की बल्ले-बल्ले, मोती डूंगरी गणेश मंदिर...

धनतेरस पर जयपुर में वाहन बाजार की बल्ले-बल्ले, मोती डूंगरी गणेश मंदिर के बाहर लगी 1 KM लंबी कतार

धनतेरस के शुभ अवसर पर इस बार जयपुर सहित पूरे राजस्थान के वाहन बाजार में जबरदस्त रौनक देखने को मिली।

जयपुर। धनतेरस के शुभ अवसर पर इस बार जयपुर सहित पूरे राजस्थान के वाहन बाजार में जबरदस्त रौनक देखने को मिली। शुभ मुहूर्त में नया वाहन खरीदने की परंपरा के चलते दोपहिया, चारपहिया और व्यावसायिक वाहनों की जमकर खरीदारी हुई। खास बात यह रही कि नए वाहनों की पूजा कराने के लिए जयपुर के मोती डूंगरी गणेश मंदिर के बाहर करीब एक किलोमीटर लंबी कतार लग गई।

धनतेरस की सुबह से ही शहर के विभिन्न वाहन शोरूम में ग्राहकों की भीड़ उमड़ने लगी। कई लोगों ने पहले से बुक कराए गए वाहनों की डिलीवरी इसी शुभ दिन पर लेना पसंद किया। नई कार, बाइक और स्कूटर खरीदने के बाद लोग परिवार के साथ मोती डूंगरी गणेश मंदिर पहुंचे और विधि-विधान से पूजा-अर्चना करवाई।

वाहन बिक्री में 20 प्रतिशत तक ग्रोथ की उम्मीद
फेडरेशन ऑफ राजस्थान ट्रेड एंड इंडस्ट्री (FORTI) के अध्यक्ष सुरेश अग्रवाल के मुताबिक, इस बार नवरात्रि से दिवाली तक वाहन बिक्री में पिछले साल की तुलना में करीब 20 प्रतिशत अधिक ग्रोथ होने की संभावना है। त्योहारों के दौरान ग्राहकों की बढ़ती मांग और खरीदारी के उत्साह से ऑटोमोबाइल सेक्टर को अच्छा कारोबार मिलने की उम्मीद है।

मोती डूंगरी मंदिर के बाहर दिखी धनतेरस की रौनक
धनतेरस पर मोती डूंगरी गणेश मंदिर के आसपास का नजारा बेहद खास रहा। सड़क पर करीब एक किलोमीटर तक नए वाहनों की कतार दिखाई दी। कोई परिवार के साथ नई कार लेकर पहुंचा तो कोई अपनी पहली बाइक या स्कूटर की पूजा कराने आया। इस बार दोपहिया और चारपहिया दोनों श्रेणियों में अच्छी मांग देखने को मिली। कई परिवारों के लिए नया वाहन खरीदना एक खास उपलब्धि रहा। पहली बार वाहन खरीदने वाले परिवारों के बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में उत्साह नजर आया। त्योहारी बोनस, वेतन और ऑनलाइन बुकिंग के बाद शोरूम से डिलीवरी लेने के चलन ने भी बाजार की रौनक बढ़ाई। लोगों ने अपने नए वाहनों को फूलों की मालाओं से सजाया और मंदिर पहुंचकर पूजा करवाई।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image