जयपुर। दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित कांग्रेस की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली में शामिल नहीं होना राजस्थान युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों को भारी पड़ गया। भारतीय युवा कांग्रेस ने रैली में अनुपस्थित रहने पर राजस्थान के 43 पदाधिकारियों को निलंबित कर दिया है। जारी आदेश के अनुसार, यह कार्रवाई तत्काल प्रभाव से अगले आदेश तक लागू रहेगी।
12 जिला अध्यक्षों पर हुई कार्रवाई
1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित रैली में शामिल नहीं होने वाले 12 जिला अध्यक्षों पर संगठन ने कार्रवाई की है। इनमें राजसमंद, जालोर, बीकानेर, बारां, बांसवाड़ा, डूंगरपुर, प्रतापगढ़, बालोतरा, डीग, चूरू और ब्यावर सहित विभिन्न जिलों के पदाधिकारी शामिल हैं। बीकानेर शहर के जिला अध्यक्ष को भी निलंबित किया गया है।
प्रदेश संगठन के 31 पदाधिकारी भी निलंबित
जिला अध्यक्षों के अलावा प्रदेश संगठन के 31 पदाधिकारियों पर भी गाज गिरी है। इनमें एक प्रदेश उपाध्यक्ष, 10 प्रदेश महासचिव और 20 प्रदेश सचिव शामिल हैं। इस तरह दिल्ली की रैली में अनुपस्थिति के चलते कुल 43 पदाधिकारियों को संगठन से निलंबित किया गया है।
तत्काल प्रभाव से लागू हुआ निलंबन
भारतीय युवा कांग्रेस की ओर से जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सभी 43 पदाधिकारियों का निलंबन तत्काल प्रभाव से अगले आदेश तक जारी रहेगा। इस कार्रवाई के बाद राजस्थान युवा कांग्रेस के संगठन में हलचल तेज हो गई है। संगठन ने रैली में भागीदारी और अनुशासन को लेकर सख्त रुख अपनाया है।



