Sunday, September 13, 2026
HomeUser Interest CategoryEntertainmentRFF 2026 में राजस्थानी सिनेमा का दमदार प्रदर्शन, 10 नामांकन के साथ...

RFF 2026 में राजस्थानी सिनेमा का दमदार प्रदर्शन, 10 नामांकन के साथ क्षेत्रीय फिल्मों से कड़ा मुकाबला

जयपुर। राजस्थान फिल्म फेस्टिवल (RFF) 2026 में इस बार राजस्थानी सिनेमा अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज करा रहा है। देश के अलग-अलग क्षेत्रों और भाषाओं की फिल्मों के बीच राजस्थानी फिल्मों को विभिन्न श्रेणियों में कुल 10 नामांकन मिले हैं। अभिनय, निर्देशन, लेखन, छायांकन, संगीत, गायन और सर्वश्रेष्ठ फिल्म जैसी प्रमुख श्रेणियों में राजस्थानी फिल्में अन्य क्षेत्रीय सिनेमा के साथ मुकाबले में हैं।

फेस्टिवल के अन्य क्षेत्रीय सिनेमा और राजस्थानी सिनेमा वर्ग में कुल 30 नामांकन मिले हैं। ऐसे में इस बार अलग-अलग भाषाओं और क्षेत्रों के कलाकारों व फिल्मकारों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा।

जिमी शेरगिल से लेकर राज कुंद्रा तक बड़े नाम मैदान में
RFF 2026 के नामांकनों में बॉलीवुड और क्षेत्रीय सिनेमा के चर्चित चेहरे भी शामिल हैं। सर्वश्रेष्ठ अभिनेता की श्रेणी में जिमी शेरगिल और राज कुंद्रा के नामांकन ने खास चर्चा बटोरी है। इनके अलावा वसंत रवि, अरुण अशोकन और आशीष शर्मा सहित कई प्रतिभाशाली कलाकार भी इस श्रेणी में नामांकित हैं।

वहीं सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री की श्रेणी में मेहरीन पीरजादा, रितुपर्णा सेनगुप्ता और रेवती शर्मा जैसे चर्चित नाम शामिल हैं। इनके अलावा इस बार एक्टर आशीष शर्मा, अभिनेत्री गीता बसरा और सिंगर शान जैसे नाम भी फेस्टिवल को खास बना रहे हैं।

राजस्थानी संगीत में बाड़मेर की लोक प्रतिभाओं की गूंज
राजस्थानी सिनेमा की संगीत और गायन श्रेणियों में भी स्थानीय प्रतिभाओं की मजबूत मौजूदगी देखने को मिल रही है। मोती खान, खेता खान, छोटू खान और गाजी खान जैसे कलाकारों को नामांकन मिला है।

खास बात यह है कि इस बार राजस्थानी फिल्मों के संगीत में बाड़मेर के लोकगायकों और गायकों की प्रतिभा प्रमुखता से सामने आई है। अपनी खास लोकगायकी, पारंपरिक अंदाज और दमदार आवाज के जरिए बाड़मेरी कलाकार राजस्थानी फिल्मों के संगीत को नई पहचान दे रहे हैं।

26 सितंबर को होगा RFF 2026 का आयोजन
राजस्थान फिल्म फेस्टिवल का आयोजन 26 सितंबर 2026 को जयपुर के मानसरोवर स्थित दीप स्मृति ऑडिटोरियम में शाम 7 बजे से किया जाएगा। समारोह में क्षेत्रीय सिनेमा से जुड़े प्रमुख कलाकारों, निर्देशकों, संगीतकारों, गायकों और फिल्मकारों को सम्मानित किया जाएगा।

RFF की फाउंडर-डायरेक्टर संजना शर्मा ने बताया कि फेस्टिवल का उद्देश्य क्षेत्रीय फिल्मों, कलाकारों और फिल्मकारों को व्यापक मंच उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष अन्य क्षेत्रीय सिनेमा और राजस्थानी सिनेमा के नामांकन देश की अलग-अलग भाषाओं, संस्कृतियों और सिनेमाई कहानियों को एक मंच पर लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।

RFF 2026 के जरिए एक बार फिर राजस्थान की धरती पर भारतीय सिनेमा की क्षेत्रीय विविधता और स्थानीय प्रतिभाओं का संगम देखने को मिलेगा।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image