Ram Mandir Trust Meeting Today: श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की अहम बैठक सोमवार को अयोध्या स्थित मणिराम छावनी में होने जा रही है. यह बैठक ऐसे समय आयोजित हो रही है, जब राम मंदिर के चढ़ावे में कथित हेराफेरी के मामले की जांच जारी है. माना जा रहा है कि बैठक में ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा के इस्तीफों समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी.
सूत्रों के अनुसार, ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास के मठ ‘मणिराम छावनी’ में होने वाली इस बैठक में ट्रस्ट के सभी नियमित और पदेन सदस्यों को शामिल होने के लिए कहा गया है. अध्यक्ष नृत्य गोपाल दास, जो फिलहाल अस्पताल में भर्ती हैं, और वरिष्ठ ट्रस्टी के. परासरन स्वास्थ्य कारणों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक में शामिल हो सकते हैं.
इस्तीफों पर हो सकता है बड़ा फैसला
कथित चढ़ावा हेराफेरी प्रकरण के बाद महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा अपने-अपने पदों से इस्तीफा दे चुके हैं. ऐसे में ट्रस्ट उनकी पेशकश पर अंतिम निर्णय ले सकता है. यदि दोनों इस्तीफे स्वीकार किए जाते हैं, तो ट्रस्ट की नई प्रशासनिक व्यवस्था और जिम्मेदारियों के पुनर्वितरण पर भी फैसला लिया जा सकता है. विशेष आमंत्रित सदस्य गोपाल राव की भूमिका पर भी चर्चा होने की संभावना है.
SIT की रिपोर्ट और वित्तीय दस्तावेजों पर होगी चर्चा
बैठक में कथित हेराफेरी की जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) की शुरुआती रिपोर्ट पर भी विचार किया जा सकता है. इसके साथ ही वर्ष 2025-26 की बिना ऑडिट वाली आय-व्यय रिपोर्ट, बैलेंस शीट और अन्य वित्तीय दस्तावेज मंजूरी के लिए पेश किए जाएंगे. सूत्रों के मुताबिक, राम मंदिर के प्रशासनिक ढांचे को और मजबूत बनाने के लिए मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) की नियुक्ति का प्रस्ताव भी बैठक के एजेंडे में शामिल हो सकता है.
दो स्तर पर चल रही है जांच
फिलहाल चढ़ावे में कथित गबन के मामले में 2 समानांतर जांच चल रही हैं. एक ओर विशेष जांच दल (SIT) प्रशासनिक जांच कर रहा है, जिसका कार्यकाल जुलाई के अंत तक बढ़ा दिया गया है. वहीं दूसरी ओर ट्रस्ट की शिकायत के आधार पर दर्ज FIR के बाद पुलिस भी मामले की जांच में जुटी हुई है.
जांच एजेंसियां ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय, ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा और विशेष आमंत्रित सदस्य गोपाल राव के बयान दर्ज कर चुकी हैं. हालांकि अब तक इन तीनों में से किसी के खिलाफ कोई FIR दर्ज नहीं की गई है. राम मंदिर ट्रस्ट की यह बैठक भविष्य की प्रशासनिक व्यवस्था, वित्तीय पारदर्शिता और प्रबंधन सुधारों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है.
ट्रस्ट में अभी 11 सदस्य
बता दें कि ट्रस्ट में अभी 11 नियमित सदस्य हैं, जिनमें अध्यक्ष नृत्य गोपाल दास, वासुदेवानंद सरस्वती, विश्वप्रसन्न तीर्थ, परमानंद गिरि, कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरी, कृष्ण मोहन, दिनेन्द्र दास और के. परासरन शामिल हैं. चंपत राय और अनिल मिश्रा ने इस्तीफा दे दिया है, जबकि ट्रस्टी बिमलेंद्र मोहन प्रताप मिश्रा का निधन हो गया है.
ये भी पढ़ें: नॉर्वे ने रचा इतिहास, ब्राजील को हराकर पहली बार वर्ल्ड कप क्वार्टर फाइनल में पहुंचा, नेमार ने किया संन्यास का ऐलान



