Monday, July 6, 2026
HomeLatest Newsनॉर्वे ने रचा इतिहास, ब्राजील को हराकर पहली बार वर्ल्ड कप क्वार्टर...

नॉर्वे ने रचा इतिहास, ब्राजील को हराकर पहली बार वर्ल्ड कप क्वार्टर फाइनल में पहुंचा, नेमार ने किया संन्यास का ऐलान

Brazil vs Norway, Neymar Retirement: एर्लिंग हालैंड के दो गोलों की बदौलत नॉर्वे ने ब्राजील को 2-1 से हराकर पहली बार फीफा विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। इस हार के बाद ब्राजील के स्टार फुटबॉलर नेमार ने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास की घोषणा कर दी।

Brazil vs Norway, Neymar Retirement: एर्लिंग हालैंड के शानदार 2 गोलों की बदौलत नॉर्वे ने 5 बार की विश्व चैंपियन ब्राजील को 2-1 से हराकर इतिहास रच दिया. इस जीत के साथ नॉर्वे पहली बार फीफा विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गया, जबकि ब्राजील का लगातार आठवीं बार अंतिम-8 में पहुंचने का सिलसिला टूट गया. इस हार के साथ ही ब्राजील के स्टार फुटबॉलर नेमार ने इंटरनेशनल फुटबॉल से संन्यास का ऐलान कर दिया है.

नेमार ने किया संन्यास का ऐलान

ब्राजील के वर्ल्ड कप से बाहर होने के कुछ देर बाद नेमार ने अपने संन्यास का ऐलान किया. उन्होंने कहा, “मैंने बहुत कोशिश की, लेकिन सब खत्म हो गया. मैं थक चुका हूं, थक चुका हूं और मैंने मेटलाइफ स्टेडियम से ही शुरुआत की थी और यहीं अपने अंतर्राष्ट्रीय सफर को खत्म कर रहा हूं.

हालैंड ने दिखाया शानदार खेल

मैच के अधिकांश समय तक हालैंड को गेंद पर ज्यादा मौके नहीं मिले, लेकिन जब अवसर मिला तो उन्होंने अपनी क्लास दिखा दी. 80वें मिनट में एंड्रियास शेल्डरुप के बेहतरीन पास पर हालैंड ने पहला गोल दागकर नॉर्वे को बढ़त दिलाई. इसके बाद इंजरी टाइम में शेल्डरुप की मदद से उन्होंने अपना दूसरा गोल भी किया और टीम की जीत पक्की कर दी.

गोल्डन बूट की रेस हुई रोमांचक

इन दो गोलों के साथ हालैंड ने मौजूदा विश्व कप में अपने गोलों की संख्या 7 कर ली. अब वह गोल्डन बूट की दौड़ में लियोनेल मेस्सी और काइलियन एमबाप्पे की बराबरी पर पहुंच गए हैं. वहीं अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में हालैंड का लगातार 14वें प्रतिस्पर्धी मैच में गोल करने का सिलसिला भी जारी रहा. इस दौरान उन्होंने 27 गोल दागे हैं. नॉर्वे के लिए वह 54 मैचों में 62 गोल कर चुके हैं.

गोलकीपर नाइलैंड ने जीत में निभाई महत्वपूर्ण भूमिका

हालैंड के अलावा गोलकीपर ओरजान नाइलैंड ने भी नॉर्वे की जीत में अहम भूमिका निभाई. मैच के 14वें मिनट में उन्होंने ब्रूनो गुइमारेस की पेनल्टी शानदार अंदाज में रोककर ब्राजील को शुरुआती बढ़त लेने से रोक दिया. इसके बाद एंड्रिक के खतरनाक शॉट को भी बचाकर उन्होंने अपनी टीम को मैच में बनाए रखा. ब्राजील की ओर से नेमार ने स्टॉपेज टाइम में पेनल्टी पर गोल जरूर किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और टीम हार नहीं टाल सकी।

ब्राजील का टूटा रिकॉर्ड

यह हार ब्राजील के लिए बेहद निराशाजनक रही. 1990 के बाद पहली बार ब्राजील विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने में असफल रहा. साथ ही 2002 में जर्मनी को फाइनल में हराने के बाद विश्व कप में किसी यूरोपीय टीम के खिलाफ उसकी लगातार सातवीं हार भी दर्ज हुई. अब नॉर्वे का सामना क्वार्टर फाइनल में इंग्लैंड से होगा. हालैंड की शानदार फॉर्म को देखते हुए टीम पहली बार सेमीफाइनल में पहुंचने का सपना भी साकार करना चाहेगी.

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

Premanshu Chaturvedi
Premanshu Chaturvedihttp://jagoindiajago.news
खबरों की दुनिया में हर लफ्ज़ को जिम्मेदारी और जुनून के साथ बुनने वाला। मेरा मानना है कि एक अच्छी खबर केवल सूचना नहीं देती, बल्कि समाज को सोचने, सवाल करने और बदलने की ताकत भी देती है। राजनीति से लेकर मानवता की कहानियों तक, हर विषय पर गहराई से शोध कर निष्पक्ष और सटीक रिपोर्टिंग करना ही मेरी पहचान है। लेखनी के जरिए सच्चाई को आवाज़ देना मेरा मिशन है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image