Kargil Vijay Diwas 2026 : द्रास। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह (Rajnath Singh) ने कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ (Operation Sindoor) ने दुनिया को स्पष्ट संदेश दिया है कि आतंकवाद के जरिए भारत को धमकाने वालों का अंजाम क्या होगा। उन्होंने पाकिस्तान को चेतावनी देते हुए कहा कि भारत उसकी हर दुस्साहसपूर्ण हरकत का ऐसा जवाब देने में सक्षम है, जो उसकी कल्पना से भी परे होगा।
भारत अपनी संप्रभुता और सुरक्षा से कोई समझौता नहीं करेगा। सिंह ने यहां कारगिल विजय दिवस की 27वीं वर्षगांठ पर कारगिल युद्ध स्मारक पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पाकिस्तान की आलोचना की और कहा कि उसने आतंकवाद को अपनी सरकारी नीति का हिस्सा’’ बना लिया है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के साथ पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) के अलावा किसी अन्य मुद्दे पर कोई बातचीत नहीं होगी, जो कि ‘‘भारत का अभिन्न हिस्सा है, जिस पर पाकिस्तान ने अवैध कब्जा कर रखा है।
ऑपरेशन सिंदूर से पाकिस्तान को कड़ा संदेश
रक्षा मंत्री ने 1999 के कारगिल युद्ध में भारत की जीत को ‘‘भारत माता के मुकुट में जड़ा हीरा’’ बताया। उन्होंने 22 अप्रैल, 2025 को हुए पहलगाम आतंकवादी हमले के जवाब में मई 2025 में चलाए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत भारतीय सशस्त्र बलों ने आतंकवाद के आकाओं और उनके समर्थकों को करारा झटका दिया।
सिंह ने कहा, ऑपरेशन सिंदूर ने दिखा दिया कि आतंकवाद के जरिए भारत को धमकाने की कोशिश करने वालों का क्या हश्र होगा। उन्होंने कहा कि भारत और उसकी सशस्त्र सेनाएं पाकिस्तान की हर दुस्साहसपूर्ण हरकत का ऐसे तरीके से जवाब देने में सक्षम हैं जो उसकी ‘‘कल्पना से भी परे’’ है। उन्होंने कहा, भारत की संप्रभुता और अखंडता के खिलाफ उठाया गया कोई भी दुर्भावनापूर्ण कदम उसी अंजाम तक पहुंचेगा।
आतंकवाद पाकिस्तान की सरकारी नीति बना
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि जब भारत जहाजों का डिजाइन तैयार करने में जुटा है, तब पाकिस्तान आतंकवाद की रूपरेखा बनाने में व्यस्त है। उन्होंने कहा, जहां हम नवोन्मेष के नए-नए रास्ते तलाश रहे हैं, वहीं पाकिस्तान घुसपैठ के नए तरीके खोजने में लगा है। कारगिल विजय दिवस भारत के ‘ऑपरेशन विजय’ की सफलता की स्मृति में मनाया जाता है। यह वह सैन्य अभियान था, जिसे पाकिस्तान की घुसपैठ के बाद कारगिल की रणनीतिक चोटियों पर दोबारा नियंत्रण लेने के लिए चलाया गया था और जिसका सफल समापन 1999 में आज के दिन हुआ था।



