जयपुर। राजस्थान में मानसून का दौर जारी है। मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के पूर्वानुमान के मुताबिक पूर्वी राजस्थान के जयपुर, भरतपुर, अजमेर, कोटा और उदयपुर संभाग में अनेक स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश भी हो सकती है। वहीं पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर और जोधपुर संभाग में भी कुछ स्थानों पर बारिश के आसार हैं। इस दौरान कई जिलों में बादल गरजने और बिजली चमकने के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं।
31 जिलों में येलो अलर्ट
पूर्वी राजस्थान के अजमेर, अलवर, बांसवाड़ा, बारां, ब्यावर, भरतपुर, भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, दौसा, डीग, धौलपुर, डूंगरपुर, जयपुर, झालावाड़, झुंझुनूं, करौली, खैरथल-तिजारा, कोटा, कोटपूतली-बहरोड़, प्रतापगढ़, राजसमंद, सलूम्बर, सवाई माधोपुर, सीकर, सिरोही, टोंक और उदयपुर में मेघगर्जन और वज्रपात को लेकर येलो अलर्ट है। पश्चिमी राजस्थान में जालोर और पाली के लिए भी येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं और वज्रपात की संभावना बनी हुई है।
पिछले 24 घंटे में कई जगह भारी बारिश
राजस्थान के पूर्वी हिस्सों में पिछले 24 घंटे के दौरान कई जगह मध्यम से भारी बारिश दर्ज की गई। चित्तौड़गढ़ के बस्सी में सबसे ज्यादा 227 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। उदयपुर और बारां में अति भारी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा भीलवाड़ा, झालावाड़, करौली, सवाई माधोपुर, प्रतापगढ़, राजसमंद और नागौर में भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश हुई। गंगरार में 21 मिमी, बेगूं में 14 मिमी, निम्बाहेड़ा में 13 मिमी और गंगधार में 11 मिमी बारिश दर्ज की गई। पश्चिमी राजस्थान के जायल में 9 मिमी और परबतसर में 6 मिमी बारिश हुई।
14 अगस्त से कमजोर होगा बारिश का दौर
मौसम विभाग के अनुसार 14 अगस्त से जोधपुर, उदयपुर और अजमेर संभाग के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है। हालांकि बीकानेर, जयपुर, भरतपुर और कोटा संभाग के कुछ हिस्सों में मध्यम से तेज बारिश जारी रह सकती है। 15 अगस्त से राज्य के ज्यादातर हिस्सों में बारिश का दौर और कमजोर होने की संभावना है। उत्तरी और उत्तर-पूर्वी राजस्थान के कुछ इलाकों में इसके बाद भी बारिश जारी रह सकती है।
मौसम सिस्टम अभी भी सक्रिय
आईएमडी के अनुसार मानसून ट्रफ बीकानेर से उत्तर-पश्चिमी मध्य प्रदेश में बने कम दबाव के क्षेत्र, सतना और डाल्टनगंज होते हुए बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव वाले क्षेत्र तक बनी हुई है। इसके अलावा पश्चिमी विक्षोभ और दक्षिण हरियाणा के आसपास बना ऊपरी वायु चक्रवाती परिसंचरण भी सक्रिय है। इन्हीं मौसमी सिस्टम के प्रभाव से राजस्थान में बारिश का दौर बना हुआ है। हालांकि अब इन सिस्टम के धीरे-धीरे कमजोर होने के संकेत मिल रहे हैं।
जयपुर का मौसम
जयपुर में आज अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। राजधानी में भी बादल छाए रहने और बारिश होने की संभावना बनी हुई है।



