जयपुर। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख शासन सचिव श्रीमती गायत्री राठौड़ ने सोमवार को राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन-181 के कॉल सेंटर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वीडियो और ऑडियो कॉल के जरिए शिकायतकर्ताओं से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सवाई माधोपुर निवासी नरेश ने मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना (एमएए) में जनाधार और अन्य दस्तावेजों से जुड़ी समस्या बताई। इस पर प्रमुख शासन सचिव ने जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को मामले का जल्द समाधान करने के निर्देश दिए।
वहीं, जयपुर निवासी यश ने सांगानेरी महिला चिकित्सालय में स्टाफ द्वारा अभद्र व्यवहार की शिकायत की। शिकायत की जानकारी लेने के बाद संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसी तरह धनराज और ताराचंद ने आशा सहयोगिनी से जुड़ी शिकायतें दर्ज कराईं, जबकि गंगापुर सिटी निवासी सूरज ने राजकीय अस्पताल में डॉक्टरों के समय पर उपलब्ध नहीं होने की शिकायत की। प्रमुख शासन सचिव ने सभी मामलों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
चिकित्सा संस्थानों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
गायत्री राठौड़ ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेशवासियों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि चिकित्सा संस्थानों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने वाले कार्मिकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
शिकायतों के विश्लेषण में मदद करेगा संपर्क AI
प्रमुख शासन सचिव ने राजस्थान संपर्क की ‘संपर्क एआई’ पहल की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि AI की मदद से दर्ज जन शिकायतों का विषयवार और प्रभावी विश्लेषण किया जा सकेगा। शिकायतों से संबंधित डेटा और विस्तृत रिपोर्ट मिलने से विभाग को समस्याओं की पहचान करने और उनके समाधान के लिए समयबद्ध कार्रवाई करने में मदद मिलेगी।



