Thursday, April 16, 2026
HomeLatest Newsराजस्थान पुलिस स्थापना दिवस: 'पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई कर अपराध पर लगाया...

राजस्थान पुलिस स्थापना दिवस: ‘पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई कर अपराध पर लगाया अंकुश’, बोले सीएम भजनलाल

Rajasthan Police Foundation Day के अवसर पर आयोजित समारोह में Bhajanlal Sharma ने कहा कि पुलिस की प्रभावी कार्रवाई से प्रदेश में अपराधों पर अंकुश लगा है और आमजन को सुरक्षित माहौल मिला है. सीएम ने पुलिसकर्मियों के लिए 500 आवासों के निर्माण की घोषणा भी की। उन्होंने “जीरो टॉलरेंस” नीति पर जोर देते हुए कहा कि सरकार अपराध मुक्त राजस्थान बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

Rajasthan Police Foundation Day: जयपुर। राजस्थान पुलिस के 77वें स्थापना दिवस के अवसर पर गुरुवार को राजस्थान पुलिस अकादमी में राज्य स्तरीय समारोह आयोजित हुआ. समारोह में सीएम भजनलाल शर्मा ने शिकरत की. इस दौरान उन्होंने कहा कि पुलिस पर प्रदेश की कानून व्यवस्था की अहम जिम्मेदारी है. पुलिस द्वारा अपराधों पर अंकुश लगाकर प्रदेश में आमजन को सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण दिया जा रहा है. उन्होंने कहा कि राजस्थान पुलिस के जवान अथक परिश्रम, अनुशासन और जनसेवा के जज्बे के साथ हर परिस्थिति में ढाल बनकर प्रदेशवासियों की सुरक्षा के लिए तत्परता से कार्य कर रहे हैं. हमारी सरकार ने भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है और हम अपराध मुक्त राजस्थान बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं.’

‘अच्छी कानून व्यवस्था से राजस्थान की पहचान शांतिप्रिय राज्य के रूप में बनी’

सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा-‘राजस्थान पुलिस ने 77 वर्षों की इस गौरवमयी यात्रा में साहस, कर्तव्यनिष्ठा और बलिदान की अनुपम मिसालें पेश की हैं. अमर शहीद पुलिसकर्मियों को नमन करते हुए कहा कि शहीदों ने आमजन की सुरक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर किया. पुलिस और समाज एक-दूसरे के पूरक हैं. प्रदेश में सुदृढ़ पुलिसिंग से समाज में विश्वास और सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है. अच्छी कानून व्यवस्था से राजस्थान की पहचान अब एक शांतिप्रिय राज्य के रूप में बनी है. इससे बड़ी संख्या में निवेशक और पर्यटक प्रदेश में आने के उत्सुक हैं और राज्य अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है. उन्होंने कहा कि कम्युनिटी पुलिसिंग से साइबर अपराध, नशा व संगठित अपराध जैसी चुनौतियों का सामना आसानी से किया जा सकता है. इन समस्याओं से निपटने के लिए समाज की सक्रिय भागीदारी जरूरी है. जागरूक नागरिक ही इन अपराधों के खिलाफ सबसे मजबूत दीवार बन सकते हैं.

‘नवीन कानूनों के क्रियान्वयन में राजस्थान अग्रणी’

सीएम भजनलाल ने कहा- पीएम मोदी द्वारा लाए गए नवीन कानूनों के क्रियान्वयन में राजस्थान अग्रणी राज्यों में शामिल है. हमारी सरकार अपराध और भ्रष्टाचार रोकने के लिए जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है. इसी का परिणाम है कि पिछले दो वर्षों में अपराधों में 18.77 प्रतिशत की कमी आई है. हत्या के प्रकरणों में 25.68 प्रतिशत, डकैती में 47.26, लूट में 50.75 तथा महिला अत्याचारों में लगभग 10 प्रतिशत की कमी आई है.

‘एंटी नारकोटिक्स, एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स कर रही प्रभावी कार्रवाई’

सीएम ने कहा कि नशे को जड़ से समाप्त करने के लिए एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स का गठन कर एक पुलिस थाना और 17 पुलिस चौकियां स्थापित की गई हैं. नकल माफिया पर कार्रवाई करते हुए SIT का गठन किया गया है। इसके परिणामस्वरूप, प्रदेश में एक भी पेपर लीक नहीं हुआ और जिससे युवाओं का सरकार में विश्वास बढ़ा है. उन्होंने कहा कि संगठित अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए राज्य में एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स प्रभावी कार्य कर रहा है. इससे फायर आर्म्स के उपयोग एवं उनसे होने वाली मौतों में गिरावट आई है. वहीं, साइबर अपराध पर नियंत्रण के लिए सभी पुलिस थानों पर साइबर हेल्प डेस्क की स्थापना कर आमजन को जागरूक भी किया जा रहा है.

‘मजबूत पुलिसिंग के लिए उठाए जा रहे अनेक कदम’

सीएम भजनलाल ने कहा-‘हमारी सरकार ने पुलिस कार्मिकों के कल्याण और प्रभावी पुलिसिंग के लिए अनेक कदम उठाए हैं. प्रदेश के पुलिस बल को मजबूत करने के लिए 8 हजार से अधिक कांस्टेबलों की नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए हैं. साथ ही, प्रभावी पुलिसिंग के लिए 2 अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कार्यालय, 2 पुलिस उपाधीक्षक कार्यालय तथा 23 नए पुलिस थाने सृजित किए गए हैं. उन्होंने कहा कि 8 पुलिस चौकियों का पुलिस थानों में क्रमोन्नयन, 1 हजार पुलिस मोबाइल यूनिट्स की तैनाती, 35 नवीन पुलिस चौकियां खोलना, कॉन्स्टेबल से सहायक उप निरीक्षक तक के कार्मिकों के स्वीकृत सालाना वर्दी भत्ता में बढ़ोतरी, पुलिस कर्मियों के मैस भत्ते की राशि में वृद्धि जैसे निर्णयों से पुलिस बल को मजबूत किया गया है.

‘पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई कर अपराध पर अंकुश लगाया’

पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि राजस्थान पुलिस सजग प्रहरी के रूप में कार्य कर प्रदेश में कानून व्यवस्था को सुदृढ कर रही है और पुलिस द्वारा निरंतर प्रभावी कार्रवाई कर अपराध पर अंकुश लगाया गया है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अगुवाई में पुलिस बल को आधुनिकीकरण के लिए पर्याप्त संसाधन मुहैया करवाए गए हैं. राजस्थान पुलिस कर्तव्य पथ पर अग्रसर होते हुए प्रदेश में शांति व्यवस्था को बरकरार रखने एवं संविधान मूल्यों की रक्षा के लिए कटिबद्ध है.

उत्कृष्ण कार्य करने वालों को मिला सम्मान

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस बीजू जॉर्ज जोसफ व बिपिन कुमार पाण्डेय, पुलिस निरीक्षक अनिल कुमार, उपनिरीक्षक सीताराम भाकल व गिरधारी लाल शर्मा तथा सहायक उपनिरीक्षक गोविंदराम को मुख्यमंत्री उत्कृष्ट सेवा पदक से पुरस्कृत किया. इस दौरान उन्होंने सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की सुविधा के लिए नया पोर्टल एवं मोबाइल ऐप लॉन्च किया. इससे पहले उन्होंने परिसर में शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी.

ये भी पढ़ें: हंगामें की भेंट चढ़ी राज्यसभा की कार्यवाही, कल सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित


Premanshu Chaturvedi
Premanshu Chaturvedihttp://jagoindiajago.news
खबरों की दुनिया में हर लफ्ज़ को जिम्मेदारी और जुनून के साथ बुनने वाला। मेरा मानना है कि एक अच्छी खबर केवल सूचना नहीं देती, बल्कि समाज को सोचने, सवाल करने और बदलने की ताकत भी देती है। राजनीति से लेकर मानवता की कहानियों तक, हर विषय पर गहराई से शोध कर निष्पक्ष और सटीक रिपोर्टिंग करना ही मेरी पहचान है। लेखनी के जरिए सच्चाई को आवाज़ देना मेरा मिशन है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular