जयपुर। राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव के तीसरे चरण का मतदान जारी है। सुबह 7 बजे से शुरू हुई वोटिंग के दौरान कई जिलों से EVM में तकनीकी खराबी की शिकायतें सामने आई हैं। कहीं मशीन खराब होने से 20 मिनट तक मतदान बाधित रहा तो कहीं करीब डेढ़ घंटे तक वोटिंग रुकी रही। हालांकि प्रशासन की ओर से दूसरी मशीनों की व्यवस्था कर मतदान दोबारा शुरू करवाया गया।
दौसा में 18 मतदान केंद्रों पर EVM खराब
दौसा जिले में पंचायत चुनाव के दौरान 18 मतदान केंद्रों पर EVM में तकनीकी खराबी आई। प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मशीनों को ठीक करवाया। जानकारी के अनुसार रामगढ़ पचवारा में 3, सिकराय में 2, शिवसिंहपुरा में 2, लालसोट में 5 और लवाण में 3 स्थानों पर EVM में खराबी सामने आई। इसके चलते जिले में तीन स्थानों पर मतदान देरी से शुरू हुआ। फिलहाल सभी जगह मतदान प्रक्रिया जारी है।
सवाई माधोपुर में 20 मिनट तक मतदान बाधित
सवाई माधोपुर के माणोली स्थित बूथ संख्या 102 पर EVM मशीन में खराबी आने से मतदान प्रभावित हुआ। यहां पंचायत समिति और जिला परिषद दोनों की मशीनों में तकनीकी समस्या आई। इसके चलते करीब 20 मिनट तक मतदान बाधित रहा। बाद में मशीन को ठीक करवाया गया, जिसके बाद मतदान प्रक्रिया फिर से शुरू हो गई।
सिलवानी में डेढ़ घंटे तक रुकी वोटिंग
सूरतगढ़ पंचायत समिति के लिए 112 बूथों पर और राजियासर पंचायत समिति के लिए 79 बूथों पर मतदान जारी है। इसी दौरान कई स्थानों पर EVM खराब होने की शिकायतें सामने आईं। सिलवानी में EVM खराब होने के कारण करीब डेढ़ घंटे तक वोटिंग रुकी रही। इसके बाद प्रशासन ने दूसरी EVM मंगवाकर मतदान शुरू करवाया। वहीं 28 PNB में भी मशीन में खराबी के चलते करीब 22 मिनट तक मतदान शुरू नहीं हो सका।
तिजारा में भी EVM ने दिया जवाब
खैरथल-तिजारा जिले में भी मतदान के दौरान EVM में तकनीकी खराबी सामने आई। तिजारा की ग्राम पंचायत हिंगवाड़ा के मतदान केंद्र संख्या 81 पर सुबह करीब 8:15 बजे मशीन ने काम करना बंद कर दिया। इससे मतदान प्रक्रिया प्रभावित हुई। तीसरे चरण की वोटिंग शुरू होने के कुछ ही समय बाद आई इस तकनीकी समस्या के कारण मतदाताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा।
9094 प्रत्याशियों की किस्मत का होगा फैसला
राजस्थान में तीसरे चरण के पंचायतीराज चुनाव के तहत 27 जिला परिषदों के 377 वार्डों और 116 पंचायत समितियों के 2,119 वार्डों में मतदान हो रहा है। इस चरण में कुल 1 करोड़ 6 लाख 81 हजार 567 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। जिला परिषद और पंचायत समिति के कुल 9,094 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। मतदान के लिए प्रदेशभर में 11,869 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के गृह जिले भरतपुर में सबसे ज्यादा उम्मीदवार मैदान में हैं। वहीं दौसा और हनुमानगढ़ में जिला परिषद के सबसे ज्यादा 24-24 वार्डों में चुनाव हो रहा है।



