जयपुर। राजस्थान में दीपावली की छुट्टियों को लेकर शिक्षा विभाग के दो अलग-अलग आदेशों ने सरकारी और निजी स्कूलों में असमंजस की स्थिति पैदा कर दी है। शिविरा पंचांग के अनुसार प्रदेश के स्कूलों में 4 नवंबर से 15 नवंबर तक लगातार 12 दिन का दीपावली अवकाश घोषित है। वहीं दूसरी ओर शिक्षा विभाग ने 1 से 7 नवंबर तक स्कूलों में ‘क्रिसमस सस्टेनेबल लाइफस्टाइल वीक’ मनाने के निर्देश जारी किए हैं। छुट्टियों के बीच कार्यक्रम आयोजित करने के आदेश से शिक्षकों और स्कूल प्रबंधन की परेशानी बढ़ गई है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब स्कूल 4 नवंबर से बंद रहेंगे तो 7 नवंबर तक निर्धारित गतिविधियां आखिर कैसे आयोजित होंगी?
शिक्षा विभाग के दो आदेशों से बढ़ा असमंजस
जानकारी के अनुसार शिक्षा विभाग ने 30 अक्टूबर को जारी आदेश में सरकारी और निजी स्कूलों को 1 से 7 नवंबर तक क्रिसमस सस्टेनेबल लाइफस्टाइल वीक के तहत विभिन्न गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए थे। इन गतिविधियों का उद्देश्य विद्यार्थियों को बेहतर जीवनशैली, सतत विकास और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना है। इसके तहत स्कूलों में पर्यावरण संरक्षण और टिकाऊ जीवनशैली से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जानी हैं।
4 से 15 नवंबर तक रहेगा दीपावली अवकाश
दूसरी तरफ शिविरा पंचांग में पहले से ही 4 नवंबर से 15 नवंबर तक दीपावली का अवकाश निर्धारित है। इस तरह विद्यार्थियों को लगातार 12 दिन की छुट्टियां मिलेंगी। दीपावली की छुट्टियों के बाद प्रदेश के स्कूल 16 नवंबर से दोबारा खुलेंगे। ऐसे में 4 से 7 नवंबर के बीच निर्धारित कार्यक्रमों को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।



