जयपुर। राजस्थान में मिलावटखोरों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘शुद्ध आहार मिलावट पर वार’ अभियान के तहत जयपुर में बड़ी कार्रवाई की गई है। चौमूं के पास जैतपुरा स्थित हिमालय डेयरी प्रोडक्ट्स पर CMHO जयपुर प्रथम डॉ. रवि शेखावत की टीम ने छापा मारा। निरीक्षण के दौरान फैक्ट्री में करीब 35 हजार लीटर संदिग्ध घी का स्टॉक मिला। इसके बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने घी के नमूने लेकर पूरी फैक्ट्री को सीज कर दिया।
कई ब्रांडों के नाम से पैक किया जा रहा था घी
कार्रवाई के दौरान फैक्ट्री में विभिन्न ब्रांडों के नाम से पैक किया हुआ घी मिला। इनमें राजस्थान सरस, डेयरी ब्रदर्स, श्री किरण सरस, माटुला (Maatula), चॉइस डेयरी, रघु श्री और गणक सहित कई ब्रांड शामिल हैं। निरीक्षण के दौरान घी की पैकिंग 200 ML, 500 ML, 1 लीटर, 2 लीटर, 5 लीटर और 15 लीटर के पैक में मिली। इसके अलावा बड़ी पैकिंग के लिए भी घी का स्टॉक रखा हुआ था।
35 हजार लीटर घी का स्टॉक मिलने से मचा हड़कंप
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को फैक्ट्री में कुल करीब 35 हजार लीटर घी मिला। टीम ने घी को संदिग्ध मानते हुए अलग-अलग नमूने एकत्र किए और जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की। कार्रवाई के दौरान पूरी फैक्ट्री को सीज कर दिया गया।
घी के फ्लेवर के नमूने भी लिए
निरीक्षण के दौरान फैक्ट्री में घी का फ्लेवर भी मिला। खाद्य सुरक्षा टीम ने इसके भी नमूने लेकर जांच शुरू की है। इसके साथ ही फैक्ट्री में विभिन्न ब्रांडों के नाम से की जा रही पैकिंग की प्रामाणिकता, लेबलिंग और निर्माण से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।



