Thursday, September 3, 2026
Homechunavi halchalनिकाय चुनाव में नाम वापसी का आज आखिरी दिन, 218 से ज्यादा...

निकाय चुनाव में नाम वापसी का आज आखिरी दिन, 218 से ज्यादा प्रत्याशियों ने छोड़ा मैदान…शाम तक साफ होगी तस्वीर

राजस्थान में नगरीय निकाय चुनाव के लिए नाम वापसी का आज आखिरी दिन है। पहले दिन 218 से ज्यादा उम्मीदवारों ने नाम वापस लिया, जबकि जयपुर जिले की 19 निकायों में 74 प्रत्याशियों ने चुनावी मैदान छोड़ा। दोपहर 3 बजे के बाद अंतिम प्रत्याशियों की तस्वीर साफ होगी।

जयपुर। राजस्थान में नगरीय निकाय चुनाव को लेकर आज नाम वापसी का आखिरी दिन है। नगर निगम, नगर परिषद और नगर पालिका चुनाव में भाग लेने वाले उम्मीदवार दोपहर 3 बजे तक संबंधित रिटर्निंग ऑफिसर के समक्ष अपना नाम वापस ले सकेंगे। इसके बाद चुनाव मैदान में बचे प्रत्याशियों की अंतिम तस्वीर साफ हो जाएगी। राज्य की 309 नगरीय निकायों में बुधवार को नाम वापसी के पहले दिन 218 से ज्यादा उम्मीदवारों ने अपने नाम वापस लेकर चुनावी मैदान से बाहर होने का फैसला किया। प्रमुख राजनीतिक दलों की ओर से बागी और असंतुष्ट उम्मीदवारों को मनाने की कोशिशें भी जारी रहीं।

जयपुर जिले में 74 उम्मीदवारों ने वापस लिया नाम

जयपुर जिले की 19 नगरीय निकायों में नामांकन पत्रों की जांच के बाद कुल 3,365 उम्मीदवार चुनाव मैदान में बचे थे। नाम वापसी के पहले दिन प्रमुख राजनीतिक दलों की समझाइश और प्रत्याशियों को मनाने के प्रयासों के बाद 74 उम्मीदवारों ने अपने नाम वापस ले लिए। आज दोपहर 3 बजे तक नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्वाचन विभाग की ओर से अंतिम रूप से चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों की संख्या जारी की जाएगी। इसके बाद चुनावी मुकाबले की वास्तविक तस्वीर सामने आएगी।

4 सितंबर को मिलेगा चुनाव चिह्न

नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद चुनाव मैदान में रहने वाले प्रत्याशियों को 4 सितंबर को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। इसके साथ ही उम्मीदवारों का चुनाव प्रचार भी तेज हो जाएगा।

प्रत्याशियों के पास प्रचार के लिए सिर्फ 7 दिन

पहले चरण की वोटिंग में अब सिर्फ एक सप्ताह का समय बचा है। राजस्थान में पहले चरण के तहत 9 सितंबर को 164 नगरीय निकायों में मतदान होगा। वहीं दूसरे चरण में 11 सितंबर को 145 नगरीय निकायों में वोट डाले जाएंगे। नाम वापसी के अंतिम दिन के बाद राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों के सामने मतदाताओं तक पहुंचने और अपने पक्ष में माहौल बनाने के लिए सीमित समय रहेगा। ऐसे में अगले कुछ दिन चुनाव प्रचार के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।

आज शाम साफ होगी चुनावी तस्वीर

दोपहर 3 बजे नाम वापसी की समय सीमा खत्म होने के बाद यह स्पष्ट हो जाएगा कि कुल कितने उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं और किन सीटों पर सीधा या बहुकोणीय मुकाबला देखने को मिलेगा। इसके बाद 4 सितंबर को चुनाव चिह्न आवंटित होने के साथ ही चुनावी प्रचार अभियान पूरी तरह रफ्तार पकड़ लेगा।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image