Monday, October 26, 2026
HomeCrime NewsDGP राजीव कुमार शर्मा ने राजस्थान पुलिस के पांच कार्यों की सराहना...

DGP राजीव कुमार शर्मा ने राजस्थान पुलिस के पांच कार्यों की सराहना की, जवानों का बढ़ाया हौसला

राजस्थान के पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने अक्टूबर के दूसरे सप्ताह में पुलिसकर्मियों और अधिकारियों की ओर से किए गए पांच उल्लेखनीय कार्यों की सराहना की है।

जयपुर। राजस्थान के पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने अक्टूबर के दूसरे सप्ताह में पुलिसकर्मियों और अधिकारियों की ओर से किए गए पांच उल्लेखनीय कार्यों की सराहना की है। ‘बेस्ट पुलिस वर्क ऑफ द वीक’ के तहत चयनित इन कार्यों में युवक की जान बचाने, बैंक के कथित फर्जी लोन घोटाले में आरोपियों की गिरफ्तारी, डकैती के मामले में वांछित आरोपी को पकड़ने, अवैध पटाखे जब्त करने और जेवर चोरी करने वाली गैंग के खिलाफ कार्रवाई शामिल है।

डीजीपी ने संबंधित पुलिसकर्मियों और अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे कार्य पुलिस बल का मनोबल बढ़ाते हैं और आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत करते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि पुलिसकर्मी आगे भी इसी समर्पण, साहस और संवेदनशीलता के साथ काम करते रहेंगे।

हाईटेंशन पोल पर फंसे युवक की जान बचाने की सराहना
जयपुर पश्चिम में खोराबीसल थाने के कांस्टेबल चालक सुनील कुमार ने 33 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आए एक युवक को बिजली के पोल से सुरक्षित नीचे उतारा और अस्पताल पहुंचाया। डीजीपी ने कांस्टेबल के इस साहसिक कार्य की सराहना की।

बैंक के फर्जी लोन घोटाले में गिरफ्तारी
जयपुर उत्तर में राजलक्ष्मी महिला अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक से जुड़े कथित फर्जी लोन घोटाले में पुलिस ने 10-10 हजार रुपये के इनामी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। डीजीपी ने फरार आरोपियों को पकड़ने में पुलिस टीम की भूमिका की प्रशंसा की।

डकैती के मामले में इनामी आरोपी पकड़ा
सीकर जिले के नेछवा थाना क्षेत्र में ज्वैलर्स से डकैती के मामले में पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी रामेश्वर लाल सोनी उर्फ रमेश को गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई को भी सप्ताह के चयनित कार्यों में शामिल किया गया।

अवैध पटाखों की जब्ती पर पुलिस की तारीफ
टोंक जिले के निवाई में पुलिस ने बिना लाइसेंस रखे गए करीब 50 लाख रुपये मूल्य के 400 से अधिक पटाखों के कार्टन जब्त किए। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। डीजीपी ने इस कार्रवाई की भी सराहना की।

जेवर चोरी करने वाली गैंग के खिलाफ कार्रवाई
डीडवाना-कुचामन जिले के कुचामन सिटी में भागवत कथा की कलश यात्रा के दौरान जेवर चोरी होने के मामले में पुलिस ने 28 महिलाओं को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार महिलाओं में वारदात को अंजाम देने वाली चार मुख्य आरोपी भी शामिल हैं। डीजीपी ने इस कार्रवाई के लिए संबंधित पुलिस टीम की प्रशंसा की।

अच्छे कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को प्रोत्साहन
डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि राजस्थान पुलिस का प्रत्येक जवान जनता की सुरक्षा और सेवा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अच्छा कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को प्रोत्साहित किया जाता रहेगा और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image