Tuesday, July 28, 2026
HomeLatest News'सपनों की उड़ान' में सीएम भजनलाल शर्मा बोले, संस्कारवान युवा ही विकसित...

‘सपनों की उड़ान’ में सीएम भजनलाल शर्मा बोले, संस्कारवान युवा ही विकसित भारत और विकसित राजस्थान की सबसे बड़ी ताकत

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने ‘सपनों की उड़ान’ कार्यक्रम में युवाओं से संवाद करते हुए कहा कि राज्य सरकार शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास, स्टार्टअप और खेलों के जरिए युवाओं का भविष्य संवार रही है। उन्होंने रिकॉर्ड भर्तियों, पेपरलीक पर सख्त कार्रवाई, स्वरोजगार प्रोत्साहन और लोगो डिजाइन प्रतियोगिता के शुभारंभ की जानकारी दी।

Sapno Ki Udaan Program : जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा (CM Bhajan Lal Sharma) ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा, खेल, रोजगार और स्वरोजगार के माध्यम से युवाओं के हर सपने को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार ने पेपरलीक पर प्रभावी रोक लगाकर भर्ती प्रक्रियाओं को पारदर्शी बनाया है। रिकॉर्ड सरकारी भर्तियों, स्टार्टअप्स को प्रोत्साहन और कौशल विकास योजनाओं के जरिए युवाओं को आत्मनिर्भर बनाते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखी जा रही है।

मुख्यमंत्री ने मंगलवार को मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित ‘सपनों की उड़ान’ कार्यक्रम में युवाओं से संवाद किया। उन्होंने कहा कि विचारशील, अनुशासित एवं संस्कारवान युवा विकसित भारत-विकसित राजस्थान के आधार हैं। युवा नए विचार और नई ऊर्जा से भरपूर होते हैं। हमारी सरकार युवाओं से संवाद कर बजट में उनके बहुमूल्य सुझावों को शामिल करती है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं, कार्यक्रमों एवं नीतियों को और बेहतर बनाने के लिए युवाओं के साथ इस तरह के संवाद बेहद महत्वपूर्ण हैं। राज्य सरकार युवाओं के सुझावों पर विचार कर आगामी योजनाएं तैयार कर रही है।

उन्होंने कहा कि माता-पिता बच्चों के सबसे पहले गुरु होते हैं, युवा उनसे सीख लेकर लगन, मेहनत, अनुशासन, संस्कारों को आत्मसात करें और आत्मविश्वास के साथ उनके सपनों को साकार करें। उन्होंने कहा कि युवाओं का सामथ्र्य असीमित है। हमारा प्रयास है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सोच के अनुरूप हमारे प्रदेश का युवा विकास में अपना योगदान दे। हर युवा को सम्मान मिले और उसे अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिले।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने विगत ढाई वर्षों में 1 लाख 78 हजार से अधिक युवाओं के सरकारी नौकरी के सपने को साकार किया है। करीब 51 हजार पदों पर भर्तियां प्रक्रियाधीन हैं तथा 80 हजार से अधिक पदों की भर्ती कलैण्डर में शामिल है। साथ ही, 70 हजार नए पदों पर भर्ती की तैयारी की जा रही है। वहीं, निजी क्षेत्र में भी साढ़े चार लाख रोजगार दिए गए हैं।

पेपरलीक पर कसा शिकंजा, दोषी सलाखों के पीछे

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने पेपरलीक के दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की है, कानून को और सख्त बनाया गया है और भर्ती प्रक्रियाओं को पारदर्शी एवं सुरक्षित बनाया जा रहा है। पेपरलीक के अपराधियों को सलाखों के पीछे पहुंचाने के लिए एसआईटी का गठन कर पेपरलीक और अन्य अनियमितताओं के मामलों में 569 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। हमारी सरकार द्वारा अब तक 410 परीक्षाएं बिना किसी पेपरलीक के आयोजित की गई हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान का युवा केवल नौकरी लेने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बने, इसके लिए सरकार द्वारा उद्यमिता एवं स्वरोजगार को प्रोत्साहन दिया जा रहा है। राजस्थान स्टार्टअप कार्यक्रम के तहत अब तक 4 हजार 623 स्टार्टअप्स पंजीकृत हुए हैं तथा 1 हजार 62 स्टार्टअप्स को आई-स्टार्ट फंड से 34 करोड़ रुपये की फंडिग प्रदान की गई। 9 स्टार्टअप प्रोग्राम पूर्ण किए गए हैं, जिसमें कुल 988 स्टार्टअप्स ने भाग लिया। साथ ही, राज्य कौशल नीति-2025 और युवा नीति भी जारी की गई है।

खेल प्रतिभाओं को तलाश और तराश रही सरकार

उन्होंने कहा कि अपने प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ियों के दम पर राजस्थान अब खेलों में नई पहचान बना रहा है। राज्य सरकार खेल संरचना का विस्तार, अकादमियों की स्थापना, प्रतिभाओं को प्रोत्साहन और खिलाड़ियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में राजस्थान टारगेट ऑलम्पिक पोडियम योजना लागू की गई, खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स आयोजित किए गए। 17 नवीन खेलो इंडिया केंद्र प्रारंभ किए जा रहे हैं। साथ ही, 41 जिला मुख्यालयों पर आवासीय खेल अकादमियां भी प्रारंभ की गई हैं।

अभिभावक की तरह की बात, जानी भविष्य की योजनाएं

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने शिक्षा, खेल, स्टार्टअप, माय भारत वाॅलेन्टियर्स और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के साथ संवाद किया। उन्होंने अभिभावक की तरह बच्चों की उपलब्धियों, सफलताओं और भविष्य की योजनाओं के बारे में उनसे जानकारी ली। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सपनों की उड़ान लोगो डिजाइन प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर युवा उत्साहित दिखाई दिये। मुख्यमंत्री ने युवाओं के साथ फोटो खिंचवाई एवं युवाओं की मांग पर उनके साथ सेल्फी भी ली।
कार्यक्रम में विधि एवं न्याय मंत्री जोगाराम पटेल सहित विद्यार्थी, खिलाड़ी, यंग प्रोफेशनल्स, संबल सखियां, एनसीसी कैडेट्स एवं एनएसएस स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

समय पर हो रही भर्तियां, युवाओं ने मुख्यमंत्री को दिया धन्यवाद

संवाद के दौरान नीट परीक्षा में देशभर में तीसरा स्थान प्राप्त करने वाले उपलक्ष्य गोयल ने कहा कि अगर विद्यार्थी मेहनत, लगन और अनुशासन से माता-पिता एवं शिक्षकों के मार्गदर्शन में प्रयास करे तो सफलता जरूर मिलती है।
माय भारत वाॅलेन्टियर स्वरूपदान चारण ने कहा कि माय भारत पोर्टल युवाओं की योग्यता एवं सामथ्र्य बढ़ाने में मददगार साबित हो रहा है। हर युवा को इस पहल से जुड़ना चाहिए।
पीजी छात्रा राशिका शर्मा ने सरकार की छात्रवृत्ति योजनाओं के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि सरकार के इस प्रोत्साहन से युवाओं को नए विषयों पर शोध की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है।
बीएससी की छात्रा रेखा ने प्रदेश में पेपरलीक पर लगाम लगाने एवं भर्ती परीक्षाओं के निष्पक्ष एवं पारदर्शी आयोजन के लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image