जयपुर। राजस्थान के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम-जनमन) के तहत चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं को मिशन मोड में तय समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि जनजातीय परिवारों के जीवन स्तर में सुधार लाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए।
गुरुवार को आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्य सचिव ने शिक्षा, आवास, पेयजल, सड़क और सामुदायिक आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों की प्रगति का आकलन किया। उन्होंने सभी विभागों को निर्देशित किया कि मार्च 2027 तक निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित की जाए।ठक में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत और पूर्ण किए गए आवासों की समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने अधिकारियों से कहा कि शेष आवासों का निर्माण जल्द पूरा कराया जाए और लाभार्थियों को समय पर सभी किस्तों का भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत निर्माणाधीन और पूर्ण हो चुकी सड़कों की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि सड़क संपर्क जनजातीय क्षेत्रों के सामाजिक और आर्थिक विकास की रीढ़ है। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की नियमित निगरानी और समयबद्ध पूर्णता के निर्देश दिए।मुख्य सचिव ने कहा कि जनजातीय क्षेत्रों में बनाए जा रहे बहुउद्देशीय केंद्र सेवा प्रदायगी के एकीकृत मॉडल के रूप में विकसित किए जा रहे हैं। इन केंद्रों में आंगनबाड़ी, मां-बाड़ी केंद्र, स्वास्थ्य सेवाएं, वन धन केंद्र और पंचायत सेवाएं एक ही परिसर में उपलब्ध होंगी। उन्होंने सभी स्वीकृत केंद्रों का निर्माण समय पर पूरा करने को कहा।बैठक में छात्रावास निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि सभी हॉस्टलों का निर्माण निर्धारित मानकों और गुणवत्ता के अनुरूप किया जाए। साथ ही पात्र बच्चों का अधिक से अधिक प्रवेश सुनिश्चित करने और छात्रावासों में भोजन, सुरक्षा एवं शैक्षणिक वातावरण की नियमित मॉनिटरिंग करने को कहा।
पेयजल परियोजनाओं और पीवीटीजी परिवारों को दिए जा रहे जल कनेक्शनों की समीक्षा करते हुए मुख्य सचिव ने कहा कि सभी पात्र परिवारों तक सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने संबंधित विभागों को इस लक्ष्य को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने कहा कि पीएम-जनमन योजना के तहत चल रहे सभी कार्यों की नियमित समीक्षा की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि योजनाओं का प्रभाव सीधे जनजातीय परिवारों के जीवन में दिखाई देना चाहिए और सभी विभाग मिशन मोड में काम करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करें।बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया और योजनाओं की प्रगति से संबंधित जानकारी प्रस्तुत की।



