Rajasthan Roadways New Buses : जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा (CM Bhajan Lal Sharma) ने जयपुर के हीरापुरा बस टर्मिनल से राजस्थान रोडवेज की 144 नई बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि नई बसों के संचालन से सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था और मजबूत होगी, यात्रियों को सुरक्षित, सुगम व सुविधाजनक सफर मिलेगा तथा प्रदेश के दूर-दराज़ क्षेत्रों तक बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित होगी।
हमारी प्राथमिकता प्रदेश के हर कोने तक परिवहन सुविधाएं पहुंचाना : भजनलाल
मुख्यमंत्री ने बसों को रवाना करने के बाद कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के सभी क्षेत्रों में लोगों को सुरक्षित, सुलभ और किफायती परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सार्वजनिक परिवहन सेवाओं का विस्तार कर रही है। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, हमारी प्राथमिकता प्रदेश के हर कोने तक परिवहन सुविधाएं पहुंचाना है। इन 144 नई बसों के परिचालन से लाखों यात्रियों को लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली ‘डबल इंजन’ सरकार को विकास कार्यों में तेजी लाने और जनकल्याणकारी वादों को पूरा करने का श्रेय दिया। उन्होंने कहा कि बेहतर प्रबंधन और पारदर्शिता के कारण राजस्थान रोडवेज घाटे से उबरकर लाभ की स्थिति में पहुंच गया है। शर्मा ने कहा, वित्तीय अनुशासन सुनिश्चित किया गया है और कर्मचारियों को समय पर वेतन का भुगतान किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान बस चालकों से संवाद किया और सड़क सुरक्षा दूत के रूप में नामित महिलाओं को हेलमेट वितरित किए। उन्होंने नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा, हेलमेट पहनना और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए जनभागीदारी बेहद जरूरी है। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा, सांसद मंजू शर्मा तथा अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित थे।



