नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के राजस्थान दौरे और कोटा में आयोजित छात्र संवाद कार्यक्रम को लेकर तीखा हमला बोला। पार्टी ने आरोप लगाया कि यह कार्यक्रम राजनीतिक लाभ हासिल करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है और इसके जरिए युवाओं को गुमराह करने की कोशिश की जा रही है।गांधी बुधवार को कोटा में एक छात्र सम्मेलन को संबोधित करने वाले हैं। यह कार्यक्रम कांग्रेस उन छात्रों और युवाओं तक पहुंचने के लिए आयोजित कर रही है जो ‘‘पेपर लीक’’ और परीक्षा से जुड़ी कथित अनियमितताओं से प्रभावित हुए हैं।
कोटा सम्मेलन पर भाजपा ने राहुल गांधी को घेरा : राहुल गांधी
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने पत्रकारों से बातचीत में आरोप लगाया कि स्थानीय कांग्रेस नेता छात्रों को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मजबूर कर रहे हैं और गेस्ट हाउस व पेइंग गेस्ट (पीजी) मालिकों को धमका रहे हैं ताकि गांधी की ‘‘तुच्छ राजनीति’’ के लिए बड़ी संख्या में भीड़ जुटाई जा सके। भाटिया ने गांधी से पूछा, जब छात्र पढ़ाई करना चाहते हैं और अपनी (नीट) परीक्षा दोबारा देना चाहते हैं, तो आप और आपके नेता छात्रों और अन्य संबंधित लोगों को क्यों धमका रहे हैं? आप खलनायक की तरह व्यवहार करके छात्रों के भविष्य के साथ क्यों खिलवाड़ कर रहे हैं?’’ उन्होंने कहा, ‘‘राहुल गांधी ऐसे ही हैं। उनकी राजनीति अराजकता, नकारात्मकता और निराशावाद पर आधारित है। जो भी उनके रास्ते में आता है, उसे नष्ट कर देना उनकी राजनीति का हिस्सा है।
भाटिया ने आरोप लगाया कि कांग्रेस राजनीतिक फायदे के लिए युवाओं को ‘‘गुमराह’’ करने के मकसद से यह कार्यक्रम आयोजित कर रही है। उन्होंने कहा, पूरे प्रदर्शन को टूलकिट गैंग ने प्रायोजित किया है, जिसके सरगना राहुल गांधी हैं। इसका मकसद उन युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करना है जो परीक्षा देने की तैयारी कर रहे हैं। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) मेडिकल पाठ्यक्रम में दाखिले के लिए 21 जून को राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातक (नीट-यूजी) दोबारा आयोजित करने जा रही है। तीन मई को हुई मेडिकल प्रवेश परीक्षा को पेपर लीक के आरोपों के बीच एनटीए ने 12 मई को रद्द कर दिया था। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) अभी इस मामले की जांच कर रही है।
भाजपा ने कांग्रेस की मंशा पर सवाल उठाए
भाटिया ने आरोप लगाया कि कोटा में बुधवार को कांग्रेस के कार्यक्रम से कई सवाल उठते हैं और यह गांधी की ‘‘जहरीली और नकारात्मक’’ सोच को दिखाता है।भाजपा नेता ने गांधी से पूछा, ‘‘कुछ बहुत जरूरी सवाल हैं जो पूछे जाने चाहिए। पहला, जब एक जिम्मेदार सरकार ने परीक्षा दोबारा कराने का कड़ा फैसला लिया है, तो अराजकतावादी राहुल गांधी छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने पर क्यों तुले हैं? वह छात्रों को विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के लिए मजबूर क्यों कर रहे हैं, जबकि छात्र पढ़ाई करना और दोबारा परीक्षा की तैयारी करना चाहते हैं?’’ उन्होंने कहा कि उच्चतम न्यायालय ने भी मामले की सुनवाई के बाद सरकार के फैसले को ‘‘मंजूरी’’ दी है।
भाटिया ने गांधी से पूछा, क्या आप उच्चतम न्यायालय से भी ऊपर हैं? क्या आपकी प्राथमिकता सिर्फ अपना सफल राजनीतिक करियर बनाना है, भले ही इसके लिए लाखों छात्रों का करियर बर्बाद हो जाए?’’ उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘यह सस्ती और ओछी राजनीति है। देश के छात्र और युवा आपको कभी माफ नहीं करेंगे।



