Rahul Gandhi BJP Attack : तिरुनेलवेली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोमवार को भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि पार्टी ने देश के अल्पसंख्यकों में डर का माहौल बनाया है और मणिपुर को हिंसा की आग में झोंक दिया। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस देश में नफरत फैलने नहीं देगी और एकजुट, सामंजस्यपूर्ण भारत के लिए काम करती रहेगी।
तमिलनाडु में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने अन्नाद्रमुक के ऐतिहासिक योगदान की सराहना की, लेकिन मौजूदा नेतृत्व पर निशाना साधते हुए कहा कि अब यह पार्टी पहले जैसी नहीं रही और “खोखली” हो चुकी है। अपने संबोधन में उन्होंने ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का जिक्र करते हुए कहा कि इस पहल का उद्देश्य देश को जोड़ना, समाज में सद्भाव बढ़ाना और हर नागरिक को सम्मान दिलाना था। उन्होंने दोहराया कि कांग्रेस का विजन एक ऐसे भारत का है, जहां सभी वर्गों को बराबरी और सुरक्षा का अधिकार मिले।
हर राज्य को अपना शासन स्वयं चलाना चाहिए : राहुल गांधी
राहुल ने कहा, हमारा मानना है कि प्रत्येक राज्य को अपना शासन स्वयं चलाना चाहिए और वे (भाजपा के लोग) कहते हैं कि सभी राज्यों को आरएसएस (राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ) नामक एक राजनीतिक संगठन के अधीन होना चाहिए। उन्होंने कहा, अब, इस चुनाव में वे तमिलनाडु में घुसपैठ करने की कोशिश कर रहे हैं। अन्नाद्रमुक की एक महान ऐतिहासिक परंपरा रही है। अतीत में अन्नाद्रमुक में ऐसे महान नेता थे जिन्होंने तमिलनाडु की अवधारणा की रक्षा की। लेकिन आज की अन्नाद्रमुक वह पुरानी पार्टी नहीं रही। आज यह खोखली हो गई है क्योंकि इसके नेताओं ने समझौता कर लिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार में वे (अन्नाद्रमुक) आकंठ डूब गए हैं और वे भाजपा की इच्छा के विरुद्ध कुछ नहीं कर सकते। इसलिए, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने तमिलनाडु राज्य पर कब्जा करने के लिए उनका इस्तेमाल किया है।
राहुल ने आरोप लगाया, वे (भाजपा) सीधे तौर पर यह नहीं कह सकते कि उनका क्या मंसूबा है। इसलिए उन्होंने आपकी भाषा, संस्कृति, परंपरा और इतिहास पर हमला करने के लिए अन्नाद्रमुक को अपना साझेदार बनाया है। उन्होंने कहा कि इस चुनाव का सबसे अहम पहलू आरएसएस-भाजपा को तमिलनाडु में प्रवेश करने से रोकना है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि उनकी भारत जोड़ो यात्रा एक एकजुट और सामंजस्यपूर्ण भारत के लिए थी। एक ऐसा भारत, जहां हर किसी को प्यार और सम्मान मिले। उन्होंने आरोप लगाया, भाजपा पूरे देश में नफरत और हिंसा फैलाती है। वे सत्ता को कुछ बड़े कारोबारियों के हाथों में केंद्रित कर रहे हैं। उन्होंने असमानता वाले भारत का निर्माण किया है। वे हमारे अल्पसंख्यक भाइयों-बहनों को डराते-धमकाते हैं। हमारे ईसाई, मुस्लिम, सिख भाई-बहनों को हर समय भय के साये में रखा जा रहा है। मणिपुर को भाजपा ने ‘आग में झोंक’ दिया।
हम बीजेपी को देश में नफरत नहीं फैलाने देंगे : राहुल
राहुल ने कहा, हम एक सामंजस्यपूर्ण, निष्पक्ष और समानता वाले देश में विश्वास रखते हैं। हम उन्हें देश में नफरत नहीं फैलाने देंगे। कांग्रेस नेता ने कहा, हम तमिल भाषा, संस्कृति, परंपरा और इतिहास की रक्षा कर रहे हैं। दूसरी ओर भाजपा-अन्नाद्रमुक हैं जो तमिलनाडु की ताकत छीनने की कोशिश कर रहे हैं। राहुल ने 2023 में पारित महिला आरक्षण विधेयक (नारी शक्ति वंदन अधिनियम) का जिक्र करते हुए कहा कि उसका उद्देश्य भारत के चुनावी मानचित्र को बदलना नहीं था। उन्होंने याद दिलाया कि उस विधेयक को पारित करते समय भाजपा ने कहा था कि इसे 10 वर्षों में लागू किया जाएगा और कांग्रेस ने तब इसे तुरंत लागू किये जाने पर जोर दिया था।
कांग्रेस नेता ने कहा, हम वही बात फिर से दोहराते हैं, अगर भाजपा महिला आरक्षण चाहती है, तो 2023 के अधिनियम को अभी लागू करे और पूरा विपक्ष आपका समर्थन करेगा।



