Rahul Gandhi Women Reservation Bill : नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने शुक्रवार को महिला आरक्षण अधिनियम में प्रस्तावित संशोधनों को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि यह विधेयक महिलाओं के सशक्तिकरण से जुड़ा नहीं है, बल्कि देश के चुनावी मानचित्र को बदलने की कोशिश है, जिसे उन्होंने “शर्मनाक कृत्य” करार दिया।
महिला आरक्षण संशोधन पर राहुल गांधी का हमला
लोकसभा में ‘संविधान (131वां) संशोधन विधेयक 2026’, ‘परिसीमन विधेयक, 2026’ और ‘संघ राज्य विधि (संशोधन) विधेयक, 2026’ पर चर्चा के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि सरकार महिलाओं के नाम पर एक बड़े राजनीतिक बदलाव की जमीन तैयार कर रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि केंद्र सरकार जाति जनगणना के मुद्दे को दबाने की कोशिश कर रही है। उनके अनुसार, इन विधेयकों के जरिए अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के अधिकारों को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है, जिसे विपक्ष किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने देगा।
महिलाओं के पीछे छिपकर देश के चुनावी मानचित्र को बदलने का प्रयास : राहुल
राहुल गांधी ने कहा, पूरा विपक्ष मिलकर सरकार के इस प्रयास को विफल करने जा रहा है। उनका कहना था, कुछ सच्चाई यह सदन में बताने की जरूरत है। यह महिला आरक्षण विधेयक नहीं है, इसका महिलाओं के सशक्तीकरण से कुछ लेनादेना नहीं है। 2023 में जो पारित हुआ था वो महिला आरक्षण विधेयक था। उन्होंने आरोप लगाया कि यह भारत की महिलाओं के पीछे छिपकर देश के चुनावी मानचित्र को बदलने का प्रयास है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि यह शर्मनाक कृत्य है क्योंकि यह सब भारत की महिलाओं के नाम पर किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जाति जनगणना को दरकिनार करने का प्रयास किया जा रहा है। राहुल गांधी ने कहा कि ओबीसी से उनका अधिकार छीनने का प्रयास किया जा रहा है, यही सरकार का एजेंडा है। उन्होंने दावा किया, सरकार ओबीसी भाइयों और बहनों को अधिकार देने से बच रही है।



