जयपुर। ‘जागो इंडिया जागो’ मीडिया समूह के प्रेरणा पुंज, पथ-प्रदर्शक और संस्थापक श्री राधेश्याम जी चतुर्वेदी की चतुर्थ पुण्यतिथि पर उन्हें मीडिया समूह परिवार, परिजनों, मित्रों और पाठकों द्वारा भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। निष्पक्ष, बेबाक और जनहित से जुड़ी निष्पक्ष पत्रकारिता की मजबूत नींव रखने वाले श्री राधेश्याम जी चतुर्वेदी का पूरा जीवन समाज को जागरूक करने, सत्य का निर्भीकता से साथ देने और मूल्यों की पत्रकारिता को जीवित रखने में समर्पित रहा।
‘शब्द कभी मिटते नहीं, विचारों की रोशनी कभी धुंधली नहीं होती’
उनकी चतुर्थ पुण्यतिथि के अवसर पर संस्थान ने उनके द्वारा स्थापित उच्च आदर्शों, दूरगामी विज़न और निर्भीकता को याद करते हुए उन्हें नमन किया। ‘जागो इंडिया जागो’ परिवार की ओर से जारी श्रद्धांजलि संदेश में कहा गया— “आप भले ही आज हमारे बीच सशरीर मौजूद नहीं हैं, लेकिन आपकी सोच, आपकी सीख और आपके विचार इस समाचार पत्र के हर पन्ने और हमारे हर प्रयास में निरंतर जीवित हैं। आपकी चतुर्थ पुण्यतिथि पर हम सभी आपके दिखाए मार्ग पर आगे बढ़ने का संकल्प लेते हैं। आप हम सभी की स्मृतियों में हमेशा जीवंत रहेंगे।”
सिद्धांतों और आदर्शों की पत्रकारिता के प्रतीक
श्री राधेश्याम जी चतुर्वेदी ने ‘जागो इंडिया जागो’ की स्थापना ‘सच, साहस और संकल्प’ के ध्येय वाक्य के साथ की थी। उन्होंने हमेशा ऐसी पत्रकारिता को प्राथमिकता दी जो आम जन की आवाज़ बने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाए। उनकी चतुर्थ पुण्यतिथि पर परिजनों, मित्रगणों, ‘आईग्लोब सॉल्यूशंस’ (iGlobe Solutions) और ‘जागो इंडिया जागो’ परिवार ने उनके चरणों में श्रद्धावनत होकर उनके दिखाए पथ पर निरंतर चलने का प्रण लिया।



