G7 Summit 2026 : नई दिल्ली। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से आग्रह किया कि वह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ संभावित मुलाकात के दौरान अमेरिकी हमले में मारे गए तीन भारतीय नाविकों का मुद्दा मजबूती से उठाएं। उन्होंने कहा कि इस संवेदनशील मामले पर सरकार की ओर से अब तक खुलकर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, जो आश्चर्यजनक है।
भारतीय नाविकों की मौत का मुद्दा उठाऐ पीएम मोदी : प्रियंका
प्रधानमंत्री मोदी इन दिनों फ्रांस और स्लोवाकिया की एक सप्ताह की यात्रा पर हैं। फ्रांस में वह जी-7 सम्मेलन के संपर्क सत्र में भाग लेंगे और इस दौरान कई देशों के नेताओं के साथ द्विपक्षीय वार्ता भी करेंगे। माना जा रहा है कि इस दौरान उनकी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से भी मुलाकात हो सकती है।

संसद परिसर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि अमेरिकी हमले में जान गंवाने वाले भारतीय नाविकों का मुद्दा प्रधानमंत्री को निश्चित रूप से उठाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह बेहद गंभीर मामला है और सरकार को इस पर स्पष्ट रूप से अपनी बात रखनी चाहिए। प्रियंका गांधी ने कहा, मुझे लगता है कि प्रधानमंत्री मोदी को यह मुद्दा अमेरिकी राष्ट्रपति के समक्ष अवश्य उठाना चाहिए। यह हैरानी की बात है कि जो कुछ हुआ है, उस पर सरकार की तरफ से कोई खुली और स्पष्ट प्रतिक्रिया देखने को नहीं मिली है।
गौरतलब है कि 10 जून को अमेरिका ने पलाऊ के ध्वज वाले मालवाहक जहाज ‘सेटेबेलो’ पर हमला किया था। उस समय जहाज पर 24 भारतीय नाविक सवार थे। इस हमले में तीन भारतीय नागरिकों की मौत हो गई थी, जबकि अन्य नाविकों को सुरक्षित निकाल लिया गया। इस घटना के बाद से विपक्ष लगातार केंद्र सरकार से इस मुद्दे पर सख्त रुख अपनाने और अमेरिका के समक्ष भारतीय नागरिकों की सुरक्षा का मामला उठाने की मांग कर रहा है। ऐसे में जी-7 सम्मेलन के दौरान मोदी और ट्रंप की संभावित मुलाकात पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।



