जयपुर। विधानसभा का घेराव करने पहुंचे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया। लाठीचार्ज में ABVP के राष्ट्रीय मंत्री होशियार मीणा समेत 12 कार्यकर्ता घायल हो गए।
![](https://jagoindiajago.news/wp-content/uploads/2023/07/WhatsApp-Image-2023-07-14-at-4.21.44-PM-1024x682.jpeg)
करौली में हुए दलित युवती हत्याकांड मामले में ABVP के कार्यकर्ता शुक्रवार को जयपुर में विधानसभा घेराव करने पहुंचे थे। इस दौरान बड़ी संख्या में ABVP से जुड़े छात्र ग्रेटर नगर निगम पर इकट्ठा हुए फिर विधानसभा की ओर कूच किया। पुलिस ने उन्हें सवाई मानसिंह स्टेडियम के बाहर ही बैरिकेडिंग पर रोक दिया। जहां ABVP कार्यकर्ता दंडवत होकर विधानसभा तक पहुंचने की गुजारिश करते रहे। इसके बाद ABVP कार्यकर्ताओं ने जबरन विधानसभा की ओर जाने की कोशिश की तो पुलिस ने लाठीचार्ज कर खदेड़ दिया। दोपहर को ABVP के कार्यकर्ताओं ने एक बार फिर विधानसभा की ओर बढ़ने की कोशिश की तो पुलिस ने 12 से ज्यादा कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।
![](https://jagoindiajago.news/wp-content/uploads/2023/07/WhatsApp-Image-2023-07-14-at-4.21.43-PM-1-1024x682.jpeg)
ABVP के राष्ट्रीय मंत्री होशियार मीणा ने कहा राजस्थान में कानून-व्यवस्था बदतर हो गई है। बदमाश बेखौफ लूट, चोरी, रेप और हत्या जैसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। CM अशोक गहलोत आंख बंद कर अपनी सत्ता बचाने में जुटे हुए हैं। करौली में दलित बेटी के साथ रेप कर बर्बरता पूर्वक उसकी हत्या कर दी गई।
![](https://jagoindiajago.news/wp-content/uploads/2023/07/WhatsApp-Image-2023-07-14-at-4.21.42-PM-1024x682.jpeg)
पुलिस प्रशासन की ओर से अपराधियों को पकड़ने की जगह उनके खिलाफ आवाज उठाने वालों पर लाठियां बरसाई गई। मीणा ने कहा परिषद के कार्यकर्ता आखिरी सांस तक दलित बेटी के हक की लड़ाई लड़ेंगे। चाहे हमें हमारी ही जान ही क्यों न देनी पड़े? आज पुलिस ने हमें हिरासत में ले लिया है। हम फिर से दलित बेटी के लिए विधानसभा घेराव करेंगे।
![](https://jagoindiajago.news/wp-content/uploads/2023/07/WhatsApp-Image-2023-07-14-at-4.21.43-PM-1024x682.jpeg)
जयपुर पुलिस के ASP भरत लाल मीणा ने कहा कि परिषद के छात्र बिना अनुमति प्रदर्शन करने पहुंचे थे। उन्हें शांतिप्रिय तरीके से रोका गया। छात्र जबरन विधानसभा की ओर बढ़ने लगे। ऐसे में पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर उन्हें विधानसभा से पहले ही रोक लिया।