जयपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 4 जुलाई को राजस्थान के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे जयपुर और बाड़मेर को कई बड़ी विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री जयपुर मेट्रो फेज-2 परियोजना का शिलान्यास करेंगे, जबकि बाड़मेर जिले की पचपदरा रिफाइनरी का उद्घाटन भी उनके कार्यक्रम में शामिल है। इसके अलावा विभिन्न सरकारी विभागों में चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर नगर निगम के पट्टा वितरण एवं लोकार्पण समारोह के दौरान कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार विकास कार्य कर रही है। उन्होंने 631 करोड़ रुपये की लागत से 1538 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से प्रदेश के विकास को नई गति मिलेगी।
जयपुर मेट्रो फेज-2 का होगा शिलान्यास
मुख्यमंत्री ने बताया कि करीब 13 हजार करोड़ रुपये की लागत से विकसित होने वाली जयपुर मेट्रो फेज-2 परियोजना राजधानी की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को नई दिशा देगी। इस परियोजना के शुरू होने से शहर में ट्रैफिक का दबाव कम होगा, यात्रा का समय घटेगा और शहरी विकास को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले वर्षों में शुरू की गई शहरी विकास योजनाओं ने देश के शहरों के बुनियादी ढांचे को मजबूत किया है और जयपुर मेट्रो फेज-2 भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
पचपदरा रिफाइनरी का करेंगे उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बाड़मेर जिले में स्थित पचपदरा रिफाइनरी का भी उद्घाटन करेंगे। इससे पहले 21 अप्रैल को उद्घाटन प्रस्तावित था, लेकिन 20 अप्रैल को रिफाइनरी परिसर में आग लगने की घटना के बाद कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया था। अब अब 4 जुलाई को रिफाइनरी के साथ प्रधानमंत्री जयपुर मेट्रो फेस-2 का शिलान्यास भी करेंगें।
नियुक्ति पत्र भी बांटेंगे प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान विभिन्न सरकारी विभागों में चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक कर सभी कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सरकार का कहना है कि इन परियोजनाओं से प्रदेश में आधारभूत संरचना मजबूत होगी, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।
प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा नें अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक ली। बैठक में मुख्यमंत्री ने रिफ़ाइनरी और मेट्रो सहित विभिन्न लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम को लेकर निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने विभिन्न सरकारी नौकरियों में चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरण समारोह से जुड़ी तैयारियों को लेकर अधिकारियों को निर्देश दीं।



