Ivanka Trump Assassination Plot: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बेटी इवांका ट्रंप की हत्या की साजिश खुलासा हुआ है. अमेरिकी अधिकारियों ने इस मामले में 32 वर्षीय इराकी नागरिक मोहम्मद बाकर साद दाउद अल-सादी को गिरफ्तार किया है. आरोपी के पास इवांका के फ्लोरिडा स्थित घर का नक्शा भी मिला है. अमेरिकी जांच एजेंसियों का दावा है कि आरोपी ने इवांका ट्रंप की हत्या करने की कसम खाई थी.
कासिम सुलेमानी की मौत का बदला लेना चाहता था
न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, मोहम्मद बाकर साद दाउद अल-सादी को ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) से प्रशिक्षण मिला था. बताया जा रहा है कि वह 6 साल पहले अमेरिकी ड्रोन हमले में मारे गए ईरानी कमांडर कासिम सुलेमानी की मौत का बदला लेना चाहता था.
गौरतलब है कि कासिम सुलेमानी को ट्रंप के पहले कार्यकाल के दौरान बगदाद में अमेरिकी ड्रोन हमले में मार गिराया गया था. जांच एजेंसियों के मुताबिक, आरोपी इस घटना से बेहद प्रभावित था और बदला लेना चहता था.
‘इवांका को मारने की बात कहता था’
वॉशिंगटन स्थित इराकी दूतावास के पूर्व डिप्टी मिलिट्री अटैची इंतिफाध कनबर ने दावा किया कि आरोपी अक्सर कहता था, ‘हमें इवांका को मारना होगा ताकि ट्रंप के घर को उसी तरह जलाया जा सके, जैसे उन्होंने हमारा घर जलाया.’ रिपोर्ट्स के अनुसार, मोहम्मद बाकर साद दाउद अल-सादी को 15 मई को तुर्की में गिरफ्तार किया गया था, जिसके बाद उसे अमेरिका प्रत्यर्पित कर दिया गया.
यूरोपी और अमेरिका में हमले की साजिश में शामिल होने का आरोप
अमेरिकी न्याय विभाग का आरोप है कि आरोपी यूरोप और अमेरिका में कुल 18 हमलों और हमले की कोशिशों से जुड़ा हुआ है. इनमें एम्स्टर्डम में बैंक ऑफ न्यूयॉर्क मेलॉन पर पेट्रोल बम हमला, लंदन में यहूदी नागरिकों पर चाकू से हमला और टोरंटो स्थित अमेरिकी वाणिज्य दूतावास पर गोलीबारी जैसी घटनाएं शामिल बताई जा रही हैं.
अमेरिकी एजेंसियों के अनुसार, आरोपी अमेरिका और यहूदी ठिकानों को निशाना बनाकर बड़े हमलों की साजिश रच रहा था. फिलहाल मामले की जांच जारी है और सुरक्षा एजेंसियां उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हैं.
ये भी पढ़ें: भारत की 4 दिवसीय यात्रा पर पहुंचे मार्को रुबियो, पीएम मोदी से आज करेंगे मुलाकात, जानें किन-किन मुद्दों पर होगी चर्चा



