Petrol Diesel Price Hike: देशभर में पेट्रोल डीजल के दाम बढ़ा दिए गए हैं. पेट्रोल के दाम में 3.14 रुपए और डीजल के दाम में 3.11 रुपए की बढ़ोतरी की गई है. करीब 4 साल बाद तेल की कीमतों में यह बदलाव किया है.पेट्रोलियम मंत्री हरदीप पुरी ने पहले ही इस बात के संकेत दे दिए थे कि अंतर्राष्ट्रीय परिस्थितियों को देखते हुए ईंधन की कीमतों में बदलाव संभव हैं. उनके बयान के बाद माना जा रहा था कि जल्द ही पेट्रोल-डीजल महंगे हो सकते हैं.
किस वजह से बढ़े दाम ?
पश्चिम एशिया में जारी तनाव और वैश्विक अस्थिरता के कारण कच्चे तेल यानी क्रूड ऑयल की कीमतों में लगातार तेजी बनी हुई है। Strait of Hormuz क्षेत्र में बढ़ते तनाव के कारण वैश्विक तेल सप्लाई प्रभावित हुई है, जिससे अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम तेजी से बढ़े हैं.
पेट्रोलियम कंपनियों ने पहले ही क्रूड ऑयल के बढ़ते दामों के चलते हर दिन करीब 1000 करोड़ रुपए के नुकसान की बात कही थी. इसी के चलते सरकार को पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाने का फैसला लेना पड़ा. आइए आपको बताते हैं कि आपके शहर में पेट्रोल-डीजल का क्या है नया रेट.
दिल्ली में पेट्रोल-डीजल का नया रेट
दिल्ली में सामान्य पेट्रोल 97.77 रुपए प्रति लीटर हो गया है. वहीं डीजल की कीमत 90.67 रुपए प्रति लीटर हो गई है. ईरान जंग के चलते वैश्विक तेल की सप्लाई प्रभावित हुई है. इसके चलते तेल संकट लगातार बना हुआ है.
आम लोगों पर बढ़ेगा असर
पेट्रोल और डीजल महंगे होने का सीधा असर आम लोगों की जेब पर पड़ेगा. परिवहन लागत बढ़ने से रोजमर्रा की चीजों के दामों में भी बढ़ोतरी होने की आशंका है। खासकर खाद्य पदार्थ,सब्जियां और लॉजिस्टिक्स से जुड़े सेक्टर पर इसका असर देखने को मिल सकता है.
आगे भी बढ़ सकती हैं कीमतें
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि पश्चिम एशिया में तनाव कम नहीं हुआ और कच्चे तेल की सप्लाई प्रभावित होती रही, तो आने वाले समय में ईंधन की कीमतों में और बढ़ोतरी संभव है. फिलहाल सरकार और तेल कंपनियां वैश्विक हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।



