Thursday, May 14, 2026
HomeUser Interest CategoryBusinessशेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन शानदार तेजी, सेंसेक्स 790 अंक उछला,...

शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन शानदार तेजी, सेंसेक्स 790 अंक उछला, निफ्टी 23,689 पर बंद

Share Marekt Update Today : मुंबई। स्थानीय शेयर बाजारों में गुरुवार को उतार-चढ़ाव भरे कारोबार के बावजूद लगातार दूसरे दिन मजबूती देखने को मिली। दूरसंचार, दवा और निजी बैंकिंग शेयरों में जोरदार खरीदारी के दम पर बाजार ने शानदार वापसी की और सेंसेक्स करीब 790 अंक की बढ़त के साथ बंद हुआ। बीएसई सेंसेक्स 789.74 अंक यानी 1.06 प्रतिशत उछलकर 75,398.72 अंक पर बंद हुआ। कारोबार की शुरुआत मजबूत रही, हालांकि कुछ समय के लिए बाजार लाल निशान में भी चला गया। बाद में बैंकिंग और टेलीकॉम शेयरों में खरीदारी लौटने से सेंसेक्स ने जोरदार रिकवरी की। कारोबार के दौरान सेंसेक्स एक समय 1,000 अंक से ज्यादा चढ़कर 75,681.88 अंक तक पहुंच गया था। वहीं, एनएसई का 50 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक निफ्टी भी 277 अंक यानी 1.18 प्रतिशत चढ़कर 23,689.60 अंक पर बंद हुआ। इस तरह बाजार में लगातार दूसरे दिन तेजी का रुख कायम रहा। सेंसेक्स की कंपनियों में भारती एयरटेल में सर्वाधिक पांच प्रतिशत से अधिक की तेजी आई।

इन कंपनियों के शेयरों में तेजी और गिरावट

कंपनी का वार्षिक राजस्व पहली बार दो लाख करोड़ रुपये के पार पहुंचने के बाद निवेशकों की दिलचस्पी बढ़ी। इसके साथ इटर्नल में 3.32 प्रतिशत और एचडीएफसी बैंक में 2.67 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई। सन फार्मा, अदाणी पोर्ट्स, बजाज फाइनेंस, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एनटीपीसी, कोटक महिंद्रा बैंक, टाइटन, आईटीसी और एसबीआई में भी बढ़त रही। दूसरी तरफ इन्फोसिस, टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, टीसीएस, हिंदुस्तान यूनिलीवर, एक्सिस बैंक और मारुति सुजुकी के शेयरों में गिरावट रही।

जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, रुपये के रिकॉर्ड निचले स्तर और कच्चे तेल की ऊंची कीमतों के बावजूद बाजार ने दिन के निचले स्तर से मजबूत वापसी की। नायर ने कहा कि सरकार द्वारा रुपये की कमजोरी को संभालने के संभावित कदमों, जैसे विदेशी निवेशकों के लिए बॉन्ड कर राहत और पूंजी बहिर्गमन रोकने के उपायों की उम्मीद से निवेशकों का भरोसा बढ़ा है। व्यापक बाजार में छोटी कंपनियों का बीएसई स्मॉलकैप सेलेक्ट सूचकांक 0.86 प्रतिशत बढ़ गया जबकि मझोली कंपनियों के मिडकैप में 0.40 प्रतिशत की तेजी रही। क्षेत्रवार सूचकांकों में दूरसंचार खंड में सर्वाधिक 2.87 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई जबकि स्वास्थ्य देखभाल खंड में 2.08 प्रतिशत, धातु खंड में 2.03 प्रतिशत और उपयोगिता खंड में 1.59 प्रतिशत की तेजी देखी गई।

चीन का शंघाई कम्पोजिट और जापान का निक्की गिरावट के साथ हुए बंद

बीएसई पर सूचीबद्ध कुल 2,107 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए जबकि 2,076 शेयरों में गिरावट रही और 190 अन्य के भाव अपरिवर्तित रहे। पिछले दो कारोबारी सत्रों से जारी तेजी का असर यह हुआ कि बीएसई पर सूचीबद्ध कंपनियों का कुल बाजार पूंजीकरण 6.82 लाख करोड़ रुपये बढ़कर 462,85,684.68 करोड़ रुपये (4.83 अरब डॉलर) हो गया। पीएल कैपिटल के परामर्श प्रमुख विक्रम कसाट ने कहा, भारतीय शेयर बाजारों में अनिश्चित शुरुआत के बावजूद तेजी से सुधार देखा गया। इसमें सकारात्मक वैश्विक कारकों, विदेशी संस्थागत निवेशकों के बदले हुए रुख और अनुकूल नीतियों का योगदान रहा।

एशिया के अन्य बाजारों में मिला-जुला रुख रहा। चीन का शंघाई कम्पोजिट और जापान का निक्की गिरावट के साथ बंद हुए जबकि हांगकांग का हैंगसेंग स्थिर रहा। दक्षिण कोरिया का कॉस्पी बढ़त में रहा। यूरोपीय बाजार दोपहर के कारोबार में तेजी के साथ कारोबार कर रहे थे। अमेरिकी बाजार भी बुधवार को अधिकतर बढ़त के साथ बंद हुए थे। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड करीब एक प्रतिशत बढ़कर 106.48 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। इस बीच, कच्चे तेल के ऊंचे दाम और विदेशी पूंजी की निकासी के चलते रुपया 95.73 प्रति डॉलर (अस्थायी) के अपने सबसे निचले स्तर तक फिसल गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 4,703.15 करोड़ रुपये के शेयर बेचे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 5,869.05 करोड़ रुपये की खरीदारी की।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular