Plane Crash: पाकिस्तानी सेना का प्रशिक्षण विमान रविवार को खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के मरदान जिले में क्रैश हो गया. हादसा कटलंग रोड के पास जाबर नहर क्षेत्र में हुआ, जहां विमान के गिरते ही आग के गोले में तब्दील हो गया. दुर्घटना में विमान में सवार दोनों पायलटों की मौत हो गई.
हादसे का CCTV आया सामने
घटना का एक CCTV वीडियो भी सामने आया है, जिसमें विमान को अचानक नीचे गिरते और सड़क के बीचों-बीच टकराते देखा जा सकता है. वीडियो में दिखाई देता है कि सड़क पर सामान्य रूप से वाहन गुजर रहे थे. तभी विमान तेजी से नीचे आया और सड़क पर आकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया. टक्कर के बाद आग की लपटें और धुएं का घना गुबार उठता दिखाई दिया.
Just In : 2 Pakistan Airforce pilots lost their lives after a PAF aircraft crashed in the Sawaldher area of Katlang, Mardan , Pakistan. pic.twitter.com/bi7hScPtz1
— Baba Banaras™ (@RealBababanaras) June 15, 2026
हादसे के तुरंत बाद राहत एवं बचाव दल, सुरक्षा एजेंसियां और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंच गया. फिलहाल दोनों मोटरसाइकिल सवारों की स्थिति को लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आई है. हालांकि वीडियो में दुर्घटना के बाद सड़क पर क्षतिग्रस्त वाहन दिखाई दे रहे हैं.
आबादी को बचाने की कोशिश में गई जान
स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त विमान पाकिस्तान वायुसेना का ‘सुपर मुश्शाक’ (MFI-17) प्रशिक्षण विमान था. प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक विमान में तकनीकी खराबी आने के बाद पायलटों ने उसे घनी आबादी वाले इलाके से दूर ले जाने की कोशिश की ताकि जमीन पर किसी बड़े नुकसान और जनहानि को रोका जा सके. हालांकि इस प्रयास में दोनों पायलट अपनी जान नहीं बचा सके. पाकिस्तानी अधिकारियों ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। तकनीकी टीमों को दुर्घटनास्थल पर भेजा गया है और ब्लैक बॉक्स समेत अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं.
एक महीने के समय में 5वां सैन्य विमान हादसा
यह दुर्घटना ऐसे समय हुई है जब पाकिस्तान के सैन्य विमानों की सुरक्षा और रखरखाव को लेकर पहले से सवाल उठ रहे हैं. पिछले एक महीने के भीतर यह पाकिस्तान का पांचवां बड़ा सैन्य विमान हादसा बताया जा रहा है. इससे पहले 10 जून को पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (POK) में पाकिस्तान आर्मी एविएशन का Mi-17 हेलिकॉप्टर टेकऑफ के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें 22 सैन्यकर्मियों की मौत हुई थी. वहीं 20 मई को मियांवाली के पास पाकिस्तान वायुसेना का FT-7PG प्रशिक्षण विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ था. इसके एक दिन पहले कामरा क्षेत्र में JF-17 थंडर लड़ाकू विमान भी प्रशिक्षण मिशन के दौरान क्रैश हो गया था. उन दोनों हादसों में पायलट सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे थे.
ये भी पढ़ें: TMC के 20 बागी सांसदों के विलय के बाद चर्चा में आई NCPI, जानिए क्या है पार्टी का इतिहास



