Pachpadra Refinery Fire: रिफाइनरी में आग लगने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्थाओं और तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. इस अप्रत्याशित हादसे के कारण पीएम मोदी का प्रस्तावित दौरा तत्काल प्रभाव से स्थगित करना पड़ा,साथ ही लंबे समय से प्रतीक्षित लोकार्पण कार्यक्रम को भी टाल दिया गया.
हादसे के बाद घटनास्थल का जायजा लेने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और मुख्य सचिव वी श्रीनिवास मौके पर पहुंचे. वहीं सरकार ने इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच की जिम्मेदारी (NIA) को सौंप दी है, ताकि हादसे के कारणों का पता लगाया जा सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके.
साजिश या तकनीकी खामी?
जांच एजेंसियां दो प्रमुख एंगल पर काम कर रही हैं. पहला, क्या प्रधानमंत्री के दौरे से ठीक पहले किसी बाहरी तत्व द्वारा इस रणनीतिक संपत्ति को निशाना बनाया गया? दूसरा, कहीं यह तकनीकी खामी या लापरवाही का परिणाम तो नहीं? NIA की टीम फॉरेंसिक साक्ष्य, डिजिटल डेटा और हीट एक्सचेंजर जैसे महत्वपूर्ण उपकरणों के अवशेषों की जांच कर रही है, ताकि आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके.
सीएम के लापरवाही पर सख्त एक्शन के दिए निर्देश
हादसे के तुरंत बाद राजस्थान के सीएम भजनलाल शर्मा और मुख्य सचिव वी श्रीनिवास मौके पर पहुंचे. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों और सुरक्षा एजेंसियों के साथ बैठक कर स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने कहा कि राज्य के इस ड्रीम प्रोजेक्ट की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
कार्यक्रम स्थल से हटाया गया विशाल डोम और पंडाल
प्रधानमंत्री के दौरे के लिए बनाए गए विशाल डोम और पंडाल को अब क्रेन की मदद से हटाया जा रहा है। इससे साफ है कि कार्यक्रम को फिलहाल पूरी तरह टाल दिया गया है और दोबारा आयोजन से पहले सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक समीक्षा की जाएगी।
ये भी पढ़ें: विराट कोहली-अनुष्का शर्मा पहुंचे वृंदावन, भक्ति भाव में लीन नजर आया कपल, वीडियो वायरल



