Maggi Quality Issue: देश की प्रमुख FMCG कंपनी नेस्ले इंडिया ने मैगी नूडल्स में कीड़ों की मौजूदगी को लेकर सोशल मीडिया पर लगाए जा रहे आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है. कंपनी का कहना है कि संबंधित बैच की जांच स्वतंत्र और मान्यता प्राप्त प्रयोगशाला में कराई गई, जिसमें उत्पाद गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप पाया गया.
नेस्ले इंडिया ने शेयर बाजारों को भेजे गए एक स्पष्टीकरण में कहा कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक असत्यापित खाते द्वारा मैगी नूडल्स में कीड़े होने का दावा किया गया था. इसके बाद यह शिकायत भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) के माध्यम से कंपनी के संज्ञान में आई.
‘जांच के लिए कोई उत्पाद नमूना उपलब्ध नहीं कराया’
कंपनी ने स्पष्ट किया कि अब तक शिकायतकर्ता की ओर से जांच के लिए कोई उत्पाद नमूना उपलब्ध नहीं कराया गया है. नेस्ले इंडिया के अनुसार, शिकायतकर्ता से संपर्क करने के कई प्रयास किए गए, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला. संबंधित सोशल मीडिया खाते से भी संपर्क स्थापित नहीं हो सका.
जांच में नमूने गुणवत्ता मानकों पर निकले बिलकुल सही
कंपनी ने बताया कि आरोपों की गंभीरता को देखते हुए संबंधित बैच के संदर्भ नमूनों को FSSAI द्वारा मान्यता प्राप्त एक स्वतंत्र प्रयोगशाला में परीक्षण के लिए भेजा गया था. जांच रिपोर्ट में किसी भी प्रकार के कीड़ों की पुष्टि नहीं हुई और सभी नमूने निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर खरे पाए गए.
नियामक को सौंपी रिपोर्ट
नेस्ले इंडिया ने कहा कि मामले से जुड़े सभी आवश्यक दस्तावेज, उत्पादन रिकॉर्ड, बाजार से लिए गए नमूने और परीक्षण रिपोर्ट संबंधित नियामक अधिकारियों को उपलब्ध करा दिए गए हैं. कंपनी ने भरोसा जताया कि उपलब्ध तथ्य और वैज्ञानिक जांच इस मामले की वास्तविक स्थिति को स्पष्ट रूप से सामने लाएंगे.
कंपनी ने यह भी दोहराया कि उसके सभी मैन्युफैक्चरिंग संयंत्रों में गुणवत्ता नियंत्रण और खाद्य सुरक्षा से जुड़े कड़े मानकों का पालन किया जाता है. साथ ही नियामक संस्थाओं के साथ पूरी पारदर्शिता बरती जाती है ताकि उपभोक्ताओं का विश्वास बना रहे.
‘सुरक्षा और उत्पादों की गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता’
नेस्ले इंडिया ने कहा कि वह उपभोक्ताओं की सुरक्षा और उत्पादों की गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है. कंपनी का मानना है कि प्रयोगशाला परीक्षणों और उपलब्ध साक्ष्यों से यह स्पष्ट हो चुका है कि मैगी नूडल्स में कीड़े मिलने के दावे तथ्यात्मक रूप से सही नहीं हैं. हालांकि, कंपनी ने कहा कि वह मामले पर नजर बनाए हुए है और यदि कोई नई जानकारी सामने आती है तो संबंधित अधिकारियों के साथ सहयोग जारी रखेगी.
ये भी पढ़ें: ‘युवा सिर्फ सपने नहीं देख रहे, भविष्य गढ़ रहे हैं’, प्रधानमंत्री मोदी ने की नई पीढ़ी के योगदान की सराहना



