Friday, July 17, 2026
HomeFact CheckNEET UG 2026 Result: इंतजार खत्म! नीट (यूजी) रिजल्ट जारी, लड़कियां फिर...

NEET UG 2026 Result: इंतजार खत्म! नीट (यूजी) रिजल्ट जारी, लड़कियां फिर रहीं आगे

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने NEET UG 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया है। करीब 20 लाख उम्मीदवारों में से 11.21 लाख ने परीक्षा क्वालिफाई की है। इस बार भी छात्राओं ने बेहतर प्रदर्शन किया है और सफल उम्मीदवारों में उनकी हिस्सेदारी 58% से अधिक रही। पंजाब के आर्यन गुप्ता और हरियाणा के पांशुल बंसल 715 अंक के साथ संयुक्त रूप से ऑल इंडिया टॉपर बने हैं। उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट से अपना स्कोरकार्ड डाउनलोड कर सकते हैं, जबकि जल्द ही काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू होगी।

NEET UG 2026 Result (प्रज्ञा पांडे)। लाखों छात्रों का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने गुरुवार देर रात NEET UG 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया। इस साल करीब 20 लाख उम्मीदवार परीक्षा में शामिल हुए थे, जिनमें से 11.21 लाख ने मेडिकल, डेंटल, AYUSH और दूसरे मेडिकल कोर्स में दाखिले के लिए क्वालिफाई किया है। इस बार के नतीजों में एक बार फिर लड़कियों का प्रदर्शन लड़कों से बेहतर रहा। NTA के आंकड़ों के मुताबिक, क्वालिफाई करने वाले उम्मीदवारों में 58% से ज्यादा लड़कियां हैं, जबकि उनका सफलता प्रतिशत 56.8% रहा। वहीं लड़कों का क्वालिफिकेशन रेट 55.1% दर्ज किया गया।

रिजल्ट के साथ ही इस साल के टॉपर्स के नाम भी सामने आ गए हैं। पंजाब के आर्यन गुप्ता और हरियाणा के पांशुल बंसल ने 720 में से 715 अंक हासिल कर संयुक्त रूप से ऑल इंडिया रैंक-1 हासिल की है। खास बात यह है कि इस बार कोई भी उम्मीदवार 720 का परफेक्ट स्कोर नहीं ला सका। इस साल परीक्षा में अच्छे अंक लाने वाले छात्रों की संख्या भी चर्चा में है। 19 उम्मीदवारों ने 700 से ज्यादा अंक, 138 छात्रों ने 690 या उससे ज्यादा, 1,492 उम्मीदवारों ने 650 से ज्यादा, जबकि 10,160 छात्रों ने 600 से ज्यादा अंक हासिल किए। वहीं 90,780 उम्मीदवारों के 500 या उससे अधिक अंक आए हैं।

अगर श्रेणीवार परिणाम की बात करें तो जनरल कैटेगरी से 2.91 लाख, OBC-NCL से 5.12 लाख, SC से 1.59 लाख, ST से 63,716, EWS से 95,026, PwBD से 3,666 और PwD श्रेणी से 303 उम्मीदवार सफल हुए हैं। NEET UG 2026 की परीक्षा इस बार 13 भाषाओं में आयोजित की गई थी। परीक्षा भारत के 551 शहरों और विदेश के 14 शहरों में बने 5,440 परीक्षा केंद्रों पर हुई थी। NTA के मुताबिक, देश के सभी 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से उम्मीदवारों ने सफलता हासिल की है।

रिजल्ट जारी होने के बाद अब उम्मीदवारों की नजर काउंसलिंग पर है। 15 फीसदी ऑल इंडिया कोटा (AIQ) की काउंसलिंग मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC) कराएगी, जबकि बाकी सीटों पर संबंधित राज्य अपनी काउंसलिंग प्रक्रिया के जरिए एडमिशन देंगे। ऐसे में उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे अपना स्कोरकार्ड डाउनलोड कर सभी जरूरी दस्तावेज पहले से तैयार रखें। उम्मीदवार अपना स्कोरकार्ड neet.nta.nic.in पर जाकर एप्लीकेशन नंबर, जन्मतिथि और सिक्योरिटी पिन की मदद से डाउनलोड कर सकते हैं। NTA ने छात्रों को फर्जी कॉल, एडमिशन के नाम पर ठगी और गैर-आधिकारिक वेबसाइटों से सावधान रहने की भी सलाह दी है।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image