NEET Exam News : गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में नीट (NEET) परीक्षा की तैयारी कर रहे 22 वर्षीय एक छात्र ने कथित तौर पर फंदे से लटककर अपनी जान दे दी। इस दर्दनाक घटना से परिवार और आसपास के लोगों में शोक का माहौल है। आत्महत्या से पहले छात्र ने एक भावुक वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें उसने अपनी मानसिक स्थिति और लगातार असफलताओं से उपजे तनाव का जिक्र किया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह घटना गाजियाबाद के विजयनगर थाना क्षेत्र की है। पुलिस के अनुसार, छात्र पिछले कई वर्षों से मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट की तैयारी कर रहा था। उसने परीक्षा में सफलता पाने के लिए कई प्रयास किए, लेकिन बार-बार असफलता मिलने के कारण वह गहरे मानसिक दबाव से गुजर रहा था। गुरुवार रात वह रोज की तरह पढ़ाई करने के लिए अपने कमरे में गया था, लेकिन शुक्रवार सुबह काफी देर तक बाहर नहीं आने पर परिजनों को चिंता हुई।
कमरे में फंदे से लटका मिला NEET अभ्यर्थी, वीडियो में बताई मौत की वजह
जब परिवार के लोगों ने कमरे का दरवाजा खोला तो छात्र का शव फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही विजयनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य भी एकत्र किए गए हैं।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि छात्र ने आत्महत्या से पहले अपने मोबाइल फोन में एक वीडियो रिकॉर्ड किया था। वीडियो में उसने कहा कि वह कई प्रयासों के बावजूद नीट परीक्षा पास नहीं कर पाया, जिससे वह बेहद तनाव में था। उसने यह भी स्पष्ट किया कि उसकी मौत के लिए किसी व्यक्ति को जिम्मेदार न ठहराया जाए। फिलहाल पुलिस वीडियो और अन्य तथ्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है। इस घटना ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं पर बढ़ते मानसिक दबाव और तनाव को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पापा ने कहा था नीट निकलेगा तो ठीक, वरना कोई बात नहीं
छात्र के मोबाइल से करीब एक मिनट का एक विडियो मिला है, जिसमे छात्र बोल रहा है कि मै किसी के दबाव में यह नहीं कर रहा हूं, अपनी मर्जी से कर रहा हु। पिता ने कहा था नीट निकलेगा तो ठीक वरना कोई बात नहीं। मेरा सब चीज से मोह खत्म हो गया है। मैं अब ये ट्राई करके देख रहा हु, अगर हो गया तो मेरा वीडियो मिल जाएगा नहीं हुआ तो नहीं मिलेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
परिवार का इकलौता बेटा था जतिन
जतिन अपने परिवार का इकलौता बेटा था। वीडियो में जतिन ने पंखे का वीडियो लगाते हुए बोला पापा तो कह रहे हैं कि टेंशन मत लो। मुझे टेंशन भी नहीं है। बस इन सब चीजों से मन ऊब गया है। मैं कुछ अलग करना चाहता हूं। पुलिस ने जतिन के शव का पोस्टमॉर्टम कराया है।



