Monday, July 6, 2026
HomeIndiaमुंबई में बारिश का कहर, लैंडस्लाइड के कारण रेल यातायात बाधित, स्कूल-कॉलेज...

मुंबई में बारिश का कहर, लैंडस्लाइड के कारण रेल यातायात बाधित, स्कूल-कॉलेज बंद, लोगों से घरों में रहने की अपील

Mumbai Heavy Rain: मुंबई में लगातार भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। मुंबई-पुणे रेल मार्ग पर भूस्खलन के कारण रेल सेवाएं बाधित हुईं और कई ट्रेनें रद्द या डायवर्ट कर दी गईं। मुंबई, ठाणे, पुणे और पालघर में सभी स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं, जबकि मुंबई विश्वविद्यालय ने 6 जुलाई की परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं।

Mumbai Heavy Rain: महाराष्ट्र में लगातार हो रही बारिश ने मुसीबते बढ़ा दी हैं. जहां मुंबई में जलभराव के चलते सड़क और रेल यातायात प्रभावित हुआ है. मुंबई-पुणे एक्सप्रेस-वे और पुराना हाइवे को बंद कर दिया गया है. वहीं ठाणे, पुणे और पालघर में सभी सरकारी और निजी स्कूलों में सोमवार को छुट्टी घोषित की गई है.

भूस्खलन के कारण रेल यातायात प्रभावित

भारी बारिश के कारण कर्जत-लोनावला भोर घाट खंड में भूस्खलन के बाद मुंबई-पुणे मार्ग पर रेल सेवाएं निलंबित कर दी गईं. मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी स्वप्निल नीला ने बताया कि घाट खंड में ठाकुरवाडी के पास भूस्खलन हुआ. उन्होंने बताया कि तड़के 3 बजकर 5 मिनट पर खंडाला और मंकी हिल के बीच मध्य लाइन पर एक और भूस्खलन की सूचना मिली. भूस्खलन के कारण तीनों रेलवे लाइन प्रभावित हुई हैं, जिसके कारण मध्य रेलवे को कई लंबी दूरी की ट्रेनों को रद्द, उनका मार्ग परिवर्तन और नियंत्रित करना पड़ा.

कई ट्रेनें रद्द और डायवर्ट

इस व्यवधान के कारण CSMT-पुणे इंद्रायणी एक्सप्रेस, इंटरसिटी एक्सप्रेस, डेक्कन एक्सप्रेस, डेक्कन क्वीन, प्रगति एक्सप्रेस और धुले एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों को रद्द करना पड़ा है. वहीं लंबी दूरी की कई ट्रेनों के मार्ग में परिवर्तन किया गया, आंशिक रूप से रद्द किया गया, बदले हुए स्टेशन से शुरू किया गया या उनके समय में बदलाव किया गया. रेलवे अधिकारियों ने कहा कि बहाली का काम किया जा रहा है.

निजी और प्राइवेट स्कूलों में अवकाश,ऑफिसों में आधे दिन छुट्टी

मुंबई, पुणे, ठाणे और पालघर में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण सोमवार को सभी सरकारी, निजी और नगर निगम के स्कूलों तथा कॉलेजों में छुट्टी घोषित कर दी गई है. वहीं राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (SDMA) ने निजी कार्यालयों को अपने कर्मचारियों को घर से काम करने की अनुमति देने की सलाह दी है। इसके साथ ही गैर-आवश्यक और अर्ध-सरकारी कार्यालयों के लिए आधे दिन का अवकाश घोषित किया है।

बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने कहा कि भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मुंबई के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है, जिसके मद्देनजर छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है. आईएमडी ने भारी बारिश के अलावा तेज हवा चलने का भी पूर्वानुमान व्यक्त किया है.

पुणे, ठाणे और पालघर में भी स्कूल बंद

मुंबई और उसके आस-पास के इलाकों में पिछले कुछ दिनों से बहुत भारी बारिश हो रही है जिससे सड़कों पर जलभराव हो गया है और पेड़ गिरने की घटनाएं हुई हैं. अधिकारियों ने बताया कि पुणे, ठाणे और पालघर जिलों के शैक्षणिक संस्थानों के लिए भी इसी तरह का परामर्श जारी किया गया है. मौसम विभाग द्वारा भारी से अत्यधिक भारी वर्षा का ‘रेड’ अलर्ट जारी किए जाने के बाद पुणे जिला प्रशासन ने सोमवार को जिले के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है.

मुंबई विश्वविद्यालय की आज की परीक्षाएं स्थगित

इस बीच, आईएमडी द्वारा भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी और छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मुंबई विश्वविद्यालय ने 6 जुलाई को निर्धारित सभी परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं. विश्वविद्यालय के परीक्षा एवं मूल्यांकन बोर्ड द्वारा रविवार को जारी परिपत्र में कहा गया है कि संशोधित परीक्षा कार्यक्रम जल्द ही विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किया जाएगा.

ये भी पढ़ें: राजस्थान के 4 शहरों के प्रमुख पार्कों का नाम होगा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नाम पर, CM भजनलाल शर्मा की बड़ी घोषणा


Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

Premanshu Chaturvedi
Premanshu Chaturvedihttp://jagoindiajago.news
खबरों की दुनिया में हर लफ्ज़ को जिम्मेदारी और जुनून के साथ बुनने वाला। मेरा मानना है कि एक अच्छी खबर केवल सूचना नहीं देती, बल्कि समाज को सोचने, सवाल करने और बदलने की ताकत भी देती है। राजनीति से लेकर मानवता की कहानियों तक, हर विषय पर गहराई से शोध कर निष्पक्ष और सटीक रिपोर्टिंग करना ही मेरी पहचान है। लेखनी के जरिए सच्चाई को आवाज़ देना मेरा मिशन है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image