Saturday, May 23, 2026
HomeUser Interest CategoryEntertainmentSalman Khan Firing Case : मुंबई पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी,तापी नदी...

Salman Khan Firing Case : मुंबई पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी,तापी नदी से गोलियां और 2 पिस्तौल की बरामद,जानें मामले का ताजा अपडेट

मुंबई, मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान के आवास के बाहर गोलीबारी में कथित तौर पर इस्तेमाल किए गए हथियारों की बरामदगी के लिए एक तलाशी अभियान के दौरान गुजरात में तापी नदी से दो पिस्तौल, मैगजीन और गोलियां बरामद की हैं. एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी.अधिकारी ने बताया कि सोमवार को शुरू हुई तलाशी के दौरान अपराध शाखा ने 2 पिस्तौल, तीन मैगजीन और 13 गोलियां बरामद की हैं.’एनकाउंटर स्पेशलिस्ट’ वरिष्ठ पुलिस इंस्पेक्टर दया नायक समेत 12 अधिकारियों की टीम अभी भी मौके पर है.उन्होंने बताया कि गोताखोरों की मदद से तलाश जारी है.

फायरिंग कर फरार हो गए थे आरोपी

गिरफ्तार किए गए 2 आरोपियों, विक्की गुप्ता (24) और सागर पाल (21) ने 14 अप्रैल को मुंबई के बांद्रा इलाके में गैलेक्सी अपार्टमेंट में 58 वर्षीय खान के घर के बाहर कथित तौर पर गोलीबारी की थी और फिर मोटरसाइकिल पर मौके से भाग गए थे.

कच्छ और मुंबई पुलिस ने दोनों आरोपियों को पकड़ा

तकनीकी निगरानी के आधार पर, उन्हें 16 अप्रैल को मुंबई और कच्छ पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा गुजरात के भुज शहर के पास माता नो मढ में एक मंदिर के परिसर से पकड़ा गया था.बाद में उन्हें आगे की जांच के लिए मुंबई पुलिस को सौंप दिया गया.

फायरिंग के बाद तापी नदी में फेंक दिए थे हथियार

सूत्रों के मुताबिक, दोनों ने पूछताछ के दौरान पुलिस को बताया कि गोलीबारी की घटना के बाद जब वे मुंबई से सड़क मार्ग से सूरत पहुंचने के बाद ट्रेन से भुज की ओर भाग रहे थे, तब उन्होंने हथियार एक रेलवे पुल से तापी नदी में फेंक दिए थे.

लॉरेंस अनमोल बिश्नोई वांछित आरोपी घोषित

पुलिस ने कहा था कि प्रथम दृष्टया, खान के आवास के बाहर गोलीबारी के पीछे दोनों का मुख्य उद्देश्य ‘आतंक’ पैदा करना था.मुंबई पुलिस ने घटना के सिलसिले में जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और उसके छोटे भाई अनमोल बिश्नोई को ‘वांछित आरोपी’ घोषित किया है.पुलिस ने कहा कि गुप्ता और पाल को कथित तौर पर दोनों बिश्नोई भाइयों से निर्देश मिल रहे थे.

एक अधिकारी ने पहले कहा था कि लॉरेंस बिश्नोई एक अन्य मामले में गुजरात की साबरमती केंद्रीय जेल में बंद है, लेकिन माना जाता है कि उसका भाई कनाडा या अमेरिका में है.

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

Premanshu Chaturvedi
Premanshu Chaturvedihttp://jagoindiajago.news
खबरों की दुनिया में हर लफ्ज़ को जिम्मेदारी और जुनून के साथ बुनने वाला। मेरा मानना है कि एक अच्छी खबर केवल सूचना नहीं देती, बल्कि समाज को सोचने, सवाल करने और बदलने की ताकत भी देती है। राजनीति से लेकर मानवता की कहानियों तक, हर विषय पर गहराई से शोध कर निष्पक्ष और सटीक रिपोर्टिंग करना ही मेरी पहचान है। लेखनी के जरिए सच्चाई को आवाज़ देना मेरा मिशन है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular