Monsoon 2026 Update: मानसून देशभर में पूरी तरह एक्टिव हो चुका है, कई राज्यों में लगातार हो रही बारिश मुसीबत का सबब बन गई है. कई शहरों में जलजमाव, भूस्खलन और बाढ़ जैसे हालात होने की खबरें भी सामने आई हैं, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है. हालांकि मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों के बाद मानसून की रफ्तार कुछ धीमी पड़ सकती है.

उत्तराखंड में लैंडस्लाइड से हाईवे बंद
उत्तराखंड में लगातार बारिश के कारण कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ है. उत्तरकाशी जिले में स्यानाचट्टी के पास यमुनोत्री हाईवे और नालूपानी के पास गंगोत्री हाईवे भूस्खलन (लैंडस्लाइड) के कारण बंद हो गए हैं.यमुनोत्री मार्ग बंद होने से करीब 1,000 श्रद्धालु और यात्री रास्ते में फंस गए हैं. वहीं, पिथौरागढ़ में आदि कैलाश मार्ग भी चट्टानें गिरने से बाधित हो गया है.

भारी बारिश को देखते हुए राज्य के 10 जिलों में स्कूलों की छुट्टी घोषित कर दी गई है. हरिद्वार में कई इलाकों की सड़कों पर 3 से 4 फीट तक पानी भर गया, जिससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.

उत्तर प्रदेश में बारिश से 10 लोगों की मौत
उत्तर प्रदेश के बारिश से जुड़ी अलग-अलग घटनाओं में 10 लोगों की मौत हो गई. बुलंदशहर में एक पुरानी मस्जिद की दीवार गिरने से एक ही परिवार के दो लोगों की जान चली गई, जबकि हरदोई में दो बहनें नदी में बह गईं.

राजस्थान में मकान ढहे, ट्रेन सेवाएं प्रभावित
राजस्थान में भी बारिश का असर देखने को मिला. जहां धौलपुर में तेज बारिश के कारण एक मकान ढह गया, जिसके मलबे में 6 लोग दब गए. वहीं, अजमेर के किशनगढ़ में एक कच्चा मकान गिरने से माता-पिता और उनका बच्चा मलबे में दब गए. लगातार बारिश के चलते राज्य में 6 ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं, जबकि कई अन्य ट्रेनें अपने निर्धारित समय से देरी से चल रही हैं.
ये भी पढ़ें: भारत में लॉन्च हुई Nissan Tecton C-SUV, 10.49 लाख रुपये की शुरुआती कीमत में मिलेंगे टर्बो इंजन और स्मार्ट फीचर्स



