Delhi Fire Tragedy : नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में बुधवार सुबह एक रेस्टोरेंट में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस दर्दनाक घटना में करीब 20 लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है, जबकि कई लोग घायल भी हुए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग लगने के बाद इमारत में अफरा-तफरी मच गई और कुछ लोगों ने अपनी जान बचाने के लिए बिल्डिंग से कूदने की कोशिश की। हादसे के बाद इलाके में दहशत का माहौल फैल गया। जिसके बाद फायर सर्विस के कर्मचारियों ने बेसमेंट समेत पूरी इमारत से करीब 37 लोगों का रेस्क्यू किया। इनमें से कई लोग गंभीर घायल थे जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. वहीं, इमारत में फंसे अन्य लोगों को ढूंढने और रेस्क्यू करने के लिए ऑपरेशन जारी है।
मौके पर पहुंचे एसडीएम जितेंद्र कुमार
DDMA साउथ डिस्ट्रिक्ट के एसडीएम जितेंद्र कुमार ने घटना को लेकर जानकारी देते हुए बताया कि जैसे ही सुबह आग लगने की सूचना मिली, तत्काल प्रशासनिक सेल को सक्रिय कर दिया गया और सभी संबंधित बलों को मौके के लिए रवाना किया गया। उन्होंने बताया कि इमारत के निचले हिस्से में एक होटल संचालित किया जा रहा था। फिलहाल आग लगने के कारणों की पुष्टि नहीं हुई है,
आग से बचने के लिए ऊपर से कूदे लोग
एसडीएम ने जानकारी दी कि बिल्डिंग में आग फैलने के बाद बाहर आने के रास्ते नहीं बचे थे। स्थानीय लोगों ने बिल्डिंग के आगे जमीन पर गद्दे लगा दिए थे। इसके बाद लोग बालकनी और खिड़की आदि से नीचे कूदे थे। एमसीडी से जानकारी मांगी गई है कि ऐसे कितने होटल और रेस्टोरेंट को रिहायशी इलाके में संचालन का लाइसेंस दिया गया है. सभी की एक रूटीन जांच की जाएगी।
न्यूज एजेंसी PTI के अनुसार, दिल्ली दमकल सेवा (DFS) के एक अधिकारी ने बताया कि मालवीय नगर स्थित लेमन ग्रीन रेस्टोरेंट में लगी भीषण आग पर काबू पाने के लिए शुरुआती चरण में ही राहत और बचाव दल को मौके पर रवाना किया गया। आग बुझाने के लिए दो वॉटर टेंडर, दो वॉटर बाउजर, एक क्विक रिस्पॉन्स व्हीकल (QRV) सहित दमकल की कई यूनिट्स को तैनात किया गया।
आग इतनी तेज थी कि दूर से ही काले धुएं का गुबार दिखाई दे रहा था, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार, इस रेस्टोरेंट में ठहरने की भी व्यवस्था थी, जिसके चलते कुछ विदेशी नागरिकों के भी वहां मौजूद होने की बात सामने आई है। शुरुआती रिपोर्ट में बताया गया कि दमकलकर्मियों ने इमारत के बेसमेंट से तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा, हालांकि उनकी हालत को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।
अग्निकांड पर सीएम रेखा गुप्ता ने जताया दुख
दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने इस अग्निकांड पर दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “मालवीय नगर में भीषण आग की घटना में हुई जान-माल की भारी क्षति से मैं अत्यंत दुखी हूं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं. मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की और इस हृदयविदारक त्रासदी से प्रभावित सभी लोगों को शक्ति व साहस मिलने की प्रार्थना करती हूं।” उन्होंने आगे कहा कि घटना की सूचना मिलते ही, दिल्ली अग्निशमन सेवा, दिल्ली पुलिस, DDMA, CATS एम्बुलेंस सेवा और अन्य आपातकालीन प्रतिक्रिया एजेंसियों की टीमों को तुरंत एक्टिव किया गया और बचाव व राहत कार्य शुरू किए गए। उनकी त्वरित कार्रवाई की मदद से प्रभावित परिसर से कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका।
रेखा गुप्ता ने आगे कहा, “दिल्ली सरकार स्थिति पर बारीकी से नजर रखे हुए है. प्रभावित परिवारों को सभी जरूरी चिकित्सा सहायता और सहयोग प्रदान किया जा रहा है. दुख की इस घड़ी में, दिल्ली सरकार प्रभावित परिवारों के साथ मज़बूती से खड़ी है। हम इस त्रासदी से प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”



